Jind Weather: जींद जिले में सुबह घने कोहरे का कहर, विजिबिलिटी 10 मीटर रही, रेंगते दिखे वाहन
Jind News: जींद शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में गुरुवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। तड़के से ही कोहरे की मोटी परत जमी रही। हालात ऐसे थे कि शहर के बाहरी क्षेत्रों और हाईवे पर विजिबिलिटी घटकर करीब 10 मीटर तक रह गई। कोहरे के कारण सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए और कई स्थानों पर ट्रैफिक की रफ्तार बेहद धीमी हो गई। हाईवे और ग्रामीण सड़कों पर वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलना पड़ा।
मौसम में आए इस बदलाव के साथ ही ठंड में भी इजाफा दर्ज किया गया है। बीती रात न्यूनतम तापमान में 3.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई और तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान गिरने से सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ गई है। अधिकतम तापमान 19.1 दर्ज किया गया।
अलेवा में सुबह छाया घना कोहरा अलेवा | क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पिछले कई दिनों से चल रही शीत हवाओं के बाद गुरुवार को दोपहर लगभग 12 बजे तक घना कोहरा छाया रहा। इसके कारण जन-जीवन अस्त-व्यस्त सा होकर रह गया है।
मौसम में बदलाव से बीमारियों का खतरा
फिजिशियन विनीता का कहना है कि मौसम में अचानक बदलाव के कारण सर्दी, खांसी, जुकाम और सांस संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। नागरिकों को सतर्कता बरतने की सलाह दी जाती है। सुबह के समय कोहरे में अनावश्यक बाहर निकलने से बचें, गर्म कपड़े पहनें और खासकर बुजुर्ग व बच्चे विशेष ध्यान रखें। सांस के मरीज मास्क का प्रयोग करें और ठंडी हवा से बचाव करें। ऐसे में प्रशासन ने भी वाहन चालकों से अपील की है कि वे सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं, गति सीमित रखें और फॉग लाइट का इस्तेमाल करें, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।
राजेश कुमार, मौसम वैज्ञानिक, जींद ने बताया कि अगले 3 से 4 दिनों तक मौसम में बदलाव रहेगा। सुबह के समय कोहरा छाए रहने की संभावना बनी हुई है। वहीं दिन के समय में धूप निकलने व आसमान में बादलों की गर्माहट के चलते सर्दी से राहत मिलेगी। तापमान में भी उतार-चढ़ाव जारी रहेगा।
