Weather update: जींद, सिरसा सहित प्रदेश के 11 जिलों में जमकर हुई बरसात, फतेहाबाद में हुई भारी ओलावृष्टि

Weather update: हरियाणा के जींद सिरसा सहित 11 जिलों में आज (शुक्रवार) दोपहर बाद जमकर बारिश हुई। प्रदेश के कई जिलों में आज सुबह से बूंदाबांदी शुरू हो गई थी जो दोपहर बाद तेज बारिश में बदल गई। कई जिलों में अलसुबह 3 बजे ही बारिश शुरू हो गई थी। सिरसा जिले के कई गांव में आज 10 mm से भी अधिक बारिश हुई है। मौसम विभाग ने 29 दिसंबर को भी प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के जींद, हिसार, भिवानी, रोहतक, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, सिरसा, फतेहाबाद, झज्जर, पानीपत और सोनीपत जिले में आज भारी बारिश हुई।
फतेहाबाद सहित इन जिलों में जमकर हुई ओलावृष्टि
हरियाणा प्रदेश में आज हुई भारी बारिश ने जहां कई जिलों के किसानों को राहत की सांस दी है वहीं फतेहाबाद जिले के कई गांव में ओलावृष्टि ने सब कुछ तहस-नहस कर दिया है। आज दोपहर बाद फतेहाबाद के अलावा सिरसा, भिवानी, हिसार और कैथल में जमकर ओलावृष्टि हुई। सबसे अधिक ओलावृष्टि आज फतेहाबाद जिले में ही हुई। मौसम विभाग ने आज रात को भी यमुनानगर, कुरूक्षेत्र शहीद कई जिलों में ओलावृष्टि और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
जींद में आसमान से बरसा फसलों के लिए सोना
जींद में आज बारिश के रूप में आसमान से फसलों के लिए सोना बरसा है। शुक्रवार सुबह से लेकर शाम तक रूक-रूक कर बारिश होती रही। बारिश के साथ तेज हवाओं के चलने से तापमान भी कम हुआ। ठंडी हवाओं के चलते ठंड भी बढ़ी। बारिश से गेहूं, सरसों एवं पशु चारे की फसल को फायदा होगा। किसान मांगे राम, राजू, राजेश ने कहा कि बारिश फसलों के लिए फायदेमंद साबित होगी। इन दिनों बारिश की जरूरत थी। बारिश होने से मौसम फसल के अनुकूल बन गया है। जो फसल में कीड़ा होने लगा था उससे बारिश होने से छुटकारा मिलने की संभावना है।
बारिश से शहर में जगह-जगह पानी भर गया। वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। रेलवे रोड, पुरानी मंडी, बैंक कॉम्प्लेक्स, हाइवे पर सर्विस रोड, अतिरिक्त मंडी के पीछे सहित विभिन्न जगहों पर जलभराव रहा। मंदीप, अमित ने कहा कि बारिश से फसलों को फायदा हुआ है। बाजारों में जरूर पानी भरने परेशान हुई। बारिश, तेज हवा से ठंडक बढ़ी है।