जींद में हुई बारिश से किसानों के खिले चेहरे, धन और बाजरे की फसल को मिली राहत
Jind Weather: हरियाणा प्रदेश के जींद पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और कड़ाके की धूप झेल रहे जिलावासियों के लिए बुधवार का दिन बड़ी राहत लेकर आया। दोपहर बाद एकाएक मौसम ने करवट ली और आसमान में काले-घने बादलों के छाने के कुछ समय बाद कई इलाकों में बूंदाबांदी शुरू हो गई। ठंडी हवाओं के चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी हद तक राहत मिली है। जिले के अलेवा, पिल्लूखेड़ा में अच्छी बारिश हुई है, जबकि बाकी जगहों पर भी बूंदाबांदी ने मौसम में ठंडक घोल दी है। दिन का अधिकतम तापमान 32 डिग्री तो न्यूनतम 26 डिग्री के आसपास रहा। मौसम वैज्ञानिक डॉ. राजेश कुमार का कहना है कि आगामी 24 घंटे में भी बादलवाही के साथ तेज हवा चलने व बारिश होने के आसार बने हैं।
कृषि विशेषज्ञ डॉ. रमेश ने बतया कि यह बारिश फसलों के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं है। विशेषकर धान, बाजरा और सब्जियों की फसल को इस समय नमी की सख्त आवश्यकता थी। बारिश से फसल पैदावार बढ़ेगी और किसानों को फसलों से होने वाले आर्थिक लाभ में मदद मिलेगी। बता दें कि जींद जिले में पिछले काफी समय से किसान बारिश का इंतजार कर रहे थे।
