मप्र भावांतर योजना: भावांतरण से सोयाबीन में एक सप्ताह में 164 रुपए की आई तेजी, मॉडल रेट पहुंचे 4,184 रुपए
MP News: मप्र में भावांतर योजना में सोयाबीन की खरीदी जारी है। पिछले एक सप्ताह में सोयाबीन के मॉडल रेट में 164 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी आ गई है। जिसके बाद यह बढ़कर 4,184 रुपए प्रति क्विंटल हो गया है। मंडी में सोयाबीन के दाम बढ़ने से मॉडल रेट में भी तेजी आ रही है। भावांतर योजना के तहत सोयाबीन की खरीदी 24 अक्टूबर से शुरू हुई थी। पहला मॉडल रेट 7 नवंबर को 4,020 रुपए प्रति क्विंटल जारी हुआ था। इसके बाद रेट में लगातार बढ़ोतरी होती रही है।
14 नवंबर को 4,184 रुपए प्रति क्विंटल का नया मॉडल रेट घोषित किया गया था।यह मॉडल रेट उन किसानों के लिए है, जिन्होंने अपनी उपज मंडी प्रांगण में बेची है। इस रेट के आधार पर भावांतर राशि की गणना की जाएगी।
इसलिए आ रही है सोयाबीन के रेट में तेजी
मंडी के व्यापारी विमल जैन ने बताया कि महाराष्ट्र सरकार 18 लाख टन सोयाबीन की खरीदी करेगी। वहीं इस साल 10 से 20 फीसदी उत्पादन कम है। इस कारण भाव में तेजी है। आगामी दिनों में 200 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी और आ सकती है।
मंडी में 4,320 रुपए प्रति क्विंटल बिकी सोयाबीन
रतलाम मंडी में भी सोयाबीन के भाव में तेजी है। शुक्रवार को 5,700 क्विंटल सोयाबीन की आवक हुई और 3,351 से 5,801 रुपए प्रति क्विंटल रहे। वहीं औसत भाव 4,320 रुपए प्रति क्विंटल रहे। इस माह सोयाबीन के औसत भाव में 250 रुपए से ज्यादा प्रति क्विंटल तक बढ़ोतरी हुई है। एक नवंबर को सोयाबीन के भाव 3225 से 5901 रुपए प्रति क्विंटल बिक रही थी और औसत भाव 4065 रुपए प्रति क्विंटल थे।

