Haryana Weather: हरियाणा के कई जिलों में पारा 7 डिग्री तक गिरा, अस्पतालों में बढ़ी मरीजों की संख्या
Winter Update In Haryana: हरियाणा प्रदेश में लगातार बढ़ रही ठंड की वजह से लोगों का जन-जीवन अब अस्त-व्यस्त होना शुरू हो गया है। प्रदेश के कई जिलों में लगातार हो रही तापमान में गिरावट की वजह से अस्पतालों में मरीजों की संख्या में भी अब बढ़ोतरी होने लगी है। बता दें कि हरियाणा प्रदेश के सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, चरखी दादरी और जींद सहित कई जिलों में आज सुबह से चल रही सर्द हवाओं के चलते ठिठुरन बढ़ गई है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित होने लगा है। गुरुवार को प्रदेश के कई जिलों में को न्यूनतम तापमान 7 डिग्री और अधिकतम 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आज शुक्रवार को भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और शाम होते-होते कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट संभव है। सर्दी बढ़ने के साथ ही स्वास्थ्य समस्याएं भी बढ़ने लगी हैं।
नागरिक अस्पतालों में बढ़ी मरीजों की संख्या
हरियाणा प्रदेश में कड़ाके की ठंड का दौर शुरू होते ही कई जिलों के नागरिक अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में नागरिक अस्पतालों की ओपीडी में बुखार, खांसी और जुकाम के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सिरसा जिले के नागरिक अस्पताल में ड्यूटी कर रहे बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित कुमार की ओपीडी में गुरुवार को 110 बच्चे पहुंचे, जिनमें अधिकतर को वायरल बुखार की शिकायत थी। डॉक्टरों नै बुजुगों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
आने वाले दिनों में सुबह के समय हल्की धुंध छाए रहने के आसार
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार हरियाणा प्रदेश में आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के असर से आगामी दिनों में हल्के बादल भी छा सकते हैं, शीत लहर का असर बना रहेगा। इस दौरान हवाओं की दिशा में बार-बार बदलाव हो सकता है। और हल्की गति से हवाएं चलेंगी। सुबह के समय हल्की धुंध देखने को मिल सकती है।
सिरसा शहर में नगर परिषद ने शुरू करें बसेरे की तैयारी
हरियाणा प्रदेश में लगातार बढ़ रही ठंड को ध्यान में रखते हुए सिरसा शहर में सर्दी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए बेसहारा और जरूरतमंद लोगों के लिए रैन बसेरों की व्यवस्थाओं पर नगर परिषद ने काम शुरू कर दिया है। सिरसा बस अड्डे में एक खाली दुकान को अस्थायी रैन बसेरा बनाया गया, वहीं काठ मंडी स्थित स्थायी रैन बसेरा तक पहुंचने के लिए दिशा सूचक होर्डिंग लगाए जा रहे हैं, ताकि कोई भी मुसाफिर रास्ता न भटके। नगर परिषद के अनिल पंचाल ने बताया कि रोडवेज डिपो की दो कंडम बसों को भी रैन बसेरा बनाने के लिए इस्तेमाल किया गया है, जहां एक-एक कर्मचारी की तैनाती की गई है। इसके अलावा टाउन पार्क के पास खड़ी बस में भी ठहरने की व्यवस्था की गई है। बस अड्डे की दुकान और अन्य अस्थायी स्थानों पर बिस्तर लगाए गए हैं, ताकि कोई भी व्यक्ति खुले में रात बिताने को मजबूर न हो। जल्द ही सभी स्थानों पर गर्म कंबल, साफ-सफाई की व्यवस्था भी दुरुस्त की जाएगी।
