Sirsa Weather: सिरसा जिले में धुंध से 20 मीटर की रही दृश्यता, 10 को बूंदाबांदी के आसार
Sirsa News: सिरसा जिले में एक सप्ताह से मौसम लगातार परिवर्तनशील बना हुआ है। सुबह और शाम घनी धुंध छाए रहने से वाहन चालकों की परेशानियां बढ़ गई हैं। बुधवार को सुबह धुंध के कारण दृश्यता करीब 20 मीटर तक सिमट गई, जिससे कई स्थानों पर सड़क दुर्घटनाएं हुईं। हालांकि दोपहर में धूप निकलने से गर्मी का अहसास हुआ, लेकिन सुबह-शाम की धुंध से रात्रि में ठंड और दिन में धूप से गर्मी का असर बढ़ गया है। न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गेहूं की फसल के लिए धुंध लाभकारी मानी जा रही है, जबकि सरसों की फसल पर इसका नकारात्मक असर पड़ सकता है।
बदलते मौसम में बाल रोग विशेषज्ञ की ओपीडी करीब 120 बच्चों तक पहुंची
एक सप्ताह पहले मौसम सामान्य होने से लोग ठंड को लेकर लापरवाह हो गए थे, लेकिन बारिश और ओलावृष्टि के बाद शीत हवाओं का दौर फिर शुरू हो गया। इधर, बदलते मौसम का असर बच्चों की सेहत पर भी साफ दिखाई देने लगा है। दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव, धुंध और ठंडी हवाओं के
चलते सर्दी-खांसी, बुखार और गले में संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी हुई है। नागरिक अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. भारत भूषण मित्तल ने बताया कि बच्चों की ओपीडी 70 से बढ़कर 120 तक पहुंचने लगी हैं। जिनमें ज्यादातर खांसी, जुकाम और बुखार पीड़ित हैं।
मौसम पूर्वानुमान
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार राज्य में मौसम 10 फरवरी तक आमतौर पर परिवर्तनशील बने रहने की संभावना है। इस दौरान लगातार दो पश्चिमी विक्षोभों के आशिक प्रभाव के कारण मौसम में बदलाव जारी रहेगा। पहले पश्चिमी विक्षोभ के असर से 6 और 7 फरवरी को आंशिक बादलवाई और मध्यम से तेज गति की हवाएं चलने की संभावना है। वहीं 9 फरवरी की रात्रि और 10 फरवरी को राज्य में आंशिक बादलवाई के साथ कहीं-कहीं हवाओं और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद मौसम आमतौर पर खुश्क रहेगा।
