Winter Update Haryana: हरियाणा में शुरू हुई हाड़ कंपा देने वाली ठंड, मौसम विभाग ने जारी किया कोल्ड वेव का अलर्ट
Haryana Weather: हरियाणा में कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग ने शीतलहर और घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह में तापमान में तेज गिरावट आएगी। न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जबकि 28 दिसंबर तक इसके 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। प्रदेश के सिरसा, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, जींद, कैथल, सोनीपत, पानीपत, कुरुक्षेत्र सहित विभिन्न जिलों में ठंड बढ़ने के साथ ही कोल्ड-वेव का असर भी तेज हो जाएगा।
मौसम विभाग ने तापमान में गिरावट की दी चेतावनी
आज शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में अलसुबह से ही गहरी धुंध छाई रही। इस दौरान दृश्यता घटकर 10 मीटर तक सिमट गई, जिससे सुबह के समय सड़क और हाईवे पर वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। ठंड के कारण ओस गिरने की संभावना भी बढ़ गई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के प्रभाव से रात के तापमान में तेजी से गिरावट हो रही है, जबकि दिन में धूप कमजोर बनी रहेगी। गुरुवार को अधिकतम 24 डिग्री सेल्सियस रहा और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने 28 दिसंबर तक घना कोहरा और कोल्ड-वेव का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान सुबह और देर शाम ठंड का असर सबसे ज्यादा रहेगा। अधिकतम तापमान में भी 3 से 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। ठंड बढ़ने से जनजीवन पर साफ असर दिखाई देने लगा है। सुबह की सैर पर निकलने वाले लोग देर से घरों से बाहर निकल रहे हैं।
बढ़ती ठंड बच्चों व बुजुर्गों के लिए खतरनाक
जींद के सिविल अस्पताल की फिजिशियन डॉ. विनीता ने कहा कि बढ़ती ठंड बच्चों और बुजुगों के लिए ज्यादा खतरनाक मानी जा रही है। बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होती है, वहीं बुजुर्गों में ठंड के कारण सांस, जोड़ों के दर्द, हार्ट और बीपी से जुड़ी समस्याएं बढ़ सकती हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को सुबह-सुबह ठंडी हवा में बाहर न भेजें, उन्हें पूरे गर्म कपड़े पहनाएं और ठंडे खाद्य पदाथों से बचाएं।
बच्चों को स्वेटर, टोपी पहनाकर बाहर भेजें
ठंड के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। अभिभावकों से अपील की गई है कि वे बच्चों को स्वेटर, टोपी और मफलर पहनाकर ही घर से बाहर भेजें। वहीं कोहरे के चलते रेल और सड़क यातायात पर भी असर पड़ सकता है। सुबह के समय ट्रेनें देरी से चल सकती हैं और हाईवे पर वाहन चलाना जोखिम भरा हो सकता है। प्रशासन ने वाहन चालकों से फॉग लाइट के इस्तेमाल और धीमी गति से चलने की अपील की है। कुल मिलाकर आने वाला सप्ताह ठंड के लिहाज से बेहद कठिन रहने वाला है।