Fog Alert Haryana: मौसम विभाग ने हरियाणा में फोग को लेकर जारी किया 3 दिन का ऑरेंज अलर्ट, देखिए पूरी रिपोर्ट
Kal Ka Mausam: हरियाणा प्रदेश में कोहरे ने लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से लगातार धुंध की वजह से वाहनों की रफ्तार पर भी ब्रेक लग गया है। वहीं दूसरी तरफ हरियाणा प्रदेश के पड़ोसी राज्य पंजाब में सरकार ने कड़ाके की ठंड को देखते हुए 24 दिसंबर से 31 दिसंबर तक सभी स्कूलों में शीतकालीन अवकाश की घोषणा कर दी है। हरियाणा में बेसिक शिक्षा विभाग ने लगातार बढ़ रही ठंड को देखते हुए स्कूलों में सुबह के समय होने वाली प्रार्थना सभा रद्द करने के आदेश जारी किए हैं। आज शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में धुंध की वजह से वाहन हादसों का शिकार हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा प्रदेश में कल भी कोहरे की चादर दिखाई देगी। प्रदेश में लगातार बढ़ रही धुंध को देखते हुए मौसम विभाग ने बिना जरूरी काम के यात्रा न करने की सलाह दी है।
कोहरे को लेकर हरियाणा में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट किया जारी
हरियाणा प्रदेश के कई जिलों में मौसम विभाग ने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक प्रदेश में घने कोहरे और ठंड का प्रकोप बना रहेगा। मौसम आमतौर पर 24 दिसंबर तक परिवर्तनशील संभावित है। शनिवार से एक और पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से शनिवार रात्रि से 22 दिसंबर के दौरान उत्तरी हरियाणा में कुछ एक स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी भी संभावित है। 23 दिसंबर से उत्तर व उत्तर पश्चिमी शीत हवाएं चलने से विशेषकर रात्रि तापमान में फिर से गिरावट संभावित है। प्रदेश में लगातार बढ़ रही ठंड को देखते हुए शिक्षा विभाग द्वारा 25 दिसंबर से स्कूलों में शीतकालीन अवकाश भी शुरू किया जा सकता है।
सिरसा जिले में कोहरे में स्कूल वैन से टकराई बाइक, युवक हुआ घायल
हरियाणा प्रदेश के सिरसा जिले में सुबह रनिया विधानसभा के केहरवाला और मम्मड़ के बीच घनी धुंध के कारण हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार एक निजी स्कूल वैन और बाइक की कोहरे में टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार 23 वर्षीय युवक सुनील कुमार चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल सुनील कुमार का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। यह युवक दूध का काम करता था।