Jind Weather: जींद में 24 घंटे में 40 एमएम बरसा पानी, दिनभर हुई बूंदाबांदी से मौसम खुशगवार
Rain Update Jind: जींद जिले में मानसून की सक्रियता के चलते मंगलवार सुबह से ही दोपहर बाद तक रुक-रुककर बूंदाबांदी का दौर जारी रहा। बीते 24 घंटों के दौरान जींद शहर और आसपास के इलाकों में कुल 40 एमएम बारिश दर्ज की गई है, जबकि जिले के अन्य हिस्सों में बूंदाबांदी हुई है। मौसम विभाग ने आने वाले 48 घंटों में जिला में तेज बारिश होने के आसार हैं। वहीं बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया है। जलभराव की वजह से सड़कों और गलियों से गुजरने वाले राहगीरों के साथ-साथ वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। दिन का अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट हुई, जिससे मौसम खुशगवार हो गया। दिन का अधिकतम तापमान 31 डिग्री तो न्यूनतम 27 डिग्री रहा। बुधवार को अधिकतम तापमान में दो डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।
आज भी बारिश होने के आसार, फसलों को होगा फायदा
मौसम विशेषज्ञ के अनुसार आज जींद जिले में बारिश होने के आसार बताए जा रहे हैं। मौसम में आए बदलाव के कारण जिले में भारी बारिश के पूरे आसार बने हुए हैं। बारिश की इस शुरुआत से किसानों के चेहरों पर खुशी की लहर दौड़ गई है। किसान रघुबीर, ईश्वर सिंह, सुरेश व रामगोपाल का कहना है कि यदि आगामी घंटों में अच्छी बारिश होती है, तो यह फसलों विशेषकर धान और गन्ने के लिए काफी फायदेमंद होगी। बारिश से फसलों की सिंचाई की जरूरत पूरी होगी और पैदावार में फायदा मिलेगा। (Today Jind Weather)