Soybean Rate: सोयाबीन की फसल के भावांतर योजना का दूसरा मॉडल रेट जारी, पिछली बार से 36 रुपए ज्यादा मिलेंगे
Soybean Rate Update: पहले रेट के 4 दिन बाद मंगलवार को भावांतर योजना का दूसरा मॉडल रेट जारी कर दिया गया है। इस बार का मॉडल रेट 4056 रुपए प्रति क्विंटल है। यह मॉडल रेट उन किसानों के लिए है जिन्होंने अपनी सोयाबीन की उपज मंडी प्रांगणों में विक्रय की है। इस मॉडल रेट के आधार पर ही भावांतर की राशि की गणना की जाएगी।
योजना में खरीदी का पहला मॉडल रेट 7 नवंबर को 4020 रुपए प्रति क्विंटल जारी किया गया था। इस बार 36 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोत्तरी हुई है। पिछली बार का मॉडल रेट यह 24 अक्टूबर से 6 नवंबर तक हुई सोयाबीन की खरीदी का था। योजना में खरीदी के दौरान मॉडल भाव और समर्थन मूल्य के बीच की राशि का भुगतान किसानों को किया जाएगा। महू रोड स्थित अनाज मंडी में सोयाबीन की आवक 4835 बोरी रही। यह 3200 रुपए से 6850 रुपए प्रति क्विंटल बिकी। इसके औसत भाव 4291 रुपए प्रति क्विंटल रहे।
मॉडल रेट के साथ राशि भी जारी करना चाहिए
किसान नेता राजेश पुरोहित ने बताया कि सरकार दो बार मॉडल रेट जारी कर चुकी है। किसानों के खाते में राशि भी तो डालना चाहिए। खरीदी के 15 दिन बाद किसानों के अकाउंट में राशि डालने की बात सरकार ने की थी। लेकिन राशि किसानों के अकाउंट में अब तक नहीं आई। खरीदी शुरू हुए 18 दिन हो गए हैं। मॉडल रेट जारी करने के साथ ही सरकार को किसानों के खाते में राशि भी जारी करना चाहिए।