धान रोपने जा रहे लोगों का ऑटो पलटा, 11 घायल, 2 की हालत गंभीर
Aug 2, 2025, 19:25 IST
MP News: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के पवई थाना क्षेत्र में एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें सवार 11 लोग घायल हो गए। यह हादसा पवई-करहीं रोड पर नयाखेरा गांव के पास हुआ। सभी लोग पवई नगर के वार्ड नंबर 8 के निवासी हैं और धान की रोपाई के लिए छिर्रहा हार गांव जा रहे थे।
रास्ते में अचानक ऑटो का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। हादसे के बाद सभी घायलों को तुरंत पवई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टर अंकित पांडेय और उनकी टीम ने प्राथमिक उपचार किया। इनमें से दो लोगों की हालत गंभीर थी, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल फौरन रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।