Sirsa News: फुटपाथ पर सोने को मजबूर नहीं होंगे मुसाफिर, 3 कंडम बसों को बनाया अस्थायी रैन बसेरा, 10-10 बिस्तर लगाएं
Sirsa News: सिरसा शहर के रेलवे स्टेशन से लगभग 3 किलोमीटर दूर बनाए रैन बसेरा (शेल्टर होम) तक मुसाफिरों का पहुंचना मुश्किल होता है। रेन बसेरा दूर होने से मुसाफिर ठंड में फुटपाथ पर सोने को मजबूर न हों, इसलिए रोडवेज डिपो की 3 कंडम बसों का सहारा लिया जाएगा। जिनको अलग- अलग जगह खड़ी कर नप प्रशासन ने उनमें 10-10 बिस्तर लगवाने की प्रक्रिया को शुरू करवा दिया है। साथ ही, हर बस पर एक कर्मचारी की तैनाती की जाएगी, ताकि व्यवस्था पर नजर रखी जा सके और जरूरतमंदों को सुविधा मिल सके। स्थायी रैन बसेरा में 40 से 50 बिस्तर का इंतजाम रहेगा।
तीन रैन बसेरा में रहेगी 70 बिस्तर की व्यवस्था
शहर के काठ मंडी क्षेत्र में स्थायी रैन बसेरा है। जोकि बस स्टैंड या रेलवे स्टेशन के बीच लंबी दूरी है। नप प्रशासन ने बस स्टैंड और टाउन पार्क के पास एक-एक कंडम बस को अस्थायी रैन बसेरा बनाया है। जिसमें बिस्तर लगवाए जा रहे हैं। स्थायी रैन बसेरा के लिए सार्वजनिक स्थलों पर साइन बोर्ड लगाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। बसों में 30 और स्थायी रैन बसेरा में 40 बिस्तर की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा स्थायी रैन बसेरा में नहाने और भोजन की व्यवस्था का भी इंतजाम रहेगा।