{"vars":{"id": "114287:4880"}}

दिनभर धूप के बाद, शाम को झमाझम बारिश

 

Shivpuri News: शिवपुरी शहर में मंगलवार का मौसम बदलता रहा। सुबह से आसमान पर हल्के बादल तो छाए रहे, लेकिन दिनभर धूप खिली रही। तेज धूप और उमस के कारण लोगों को गर्मी का एहसास हुआ। हालांकि शाम 7 बजे के बाद अचानक मौसम पलटा और झमाझम बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक बारिश जारी रही, जिससे शहर की सड़कों पर पानी भर गया और मौसम सुहावना हो गया।

जिले में बारिश का आंकड़ा

भू-अभिलेख विभाग के अनुसार बीते 24 घंटे में शिवपुरी जिले की औसत वर्षा 1.11 मिमी दर्ज की गई। खनियाधाना और बदरवास में 3-3 मिमी, जबकि पिछोर और कोलारस में 2-2 मिमी बारिश हुई। लगातार हो रही वर्षा से अब तक जिले में कुल 1261.82 मिमी बारिश हो चुकी है।

सामान्य से अधिक वर्षा

जिले की औसत सामान्य वर्षा 816.3 मिमी मानी जाती है। इस बार अब तक 154.58 प्रतिशत वर्षा हो चुकी है, यानी सामान्य से 54.58 प्रतिशत ज्यादा पानी बरस चुका है। किसानों और ग्रामीणों का कहना है कि अच्छी बरसात से फसलों को फायदा होगा, वहीं शहरवासियों को उमस भरे मौसम से राहत मिली है।