छेड़छाड़ से नाराज़ भाइयों ने युवक को मार डाला, 24 घंटे में खुलासा
Aug 2, 2025, 19:40 IST
MP News: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के पवई थाना क्षेत्र में 26 साल के युवक लोकपाल लोधी की हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सच्चाई उजागर कर दी है। उसका शव 30 जुलाई की सुबह हाट बाजार में खून से सना मिला था। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि हत्या दो लोगों ने मिलकर की, जिनमें से एक नाबालिग है।
थाना प्रभारी के मुताबिक, लोकपाल पर आरोप है कि वह लगातार आरोपियों की बहन से छेड़छाड़ कर रहा था। दोनों भाइयों ने उसे कई बार समझाया, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद 29 जुलाई की रात उन्होंने उसे पहले शराब पिलाई और फिर मिलकर हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। हत्या के पीछे बहन से छेड़छाड़ की वजह सामने आई है।