तेज बारिश और उफान: लोग डूबते पुल पर कर रहे हैं जोखिम
MP News: बरसात का जोरदार सिस्टम जिले में गुरुवार को पूरी तरह सक्रिय रहा। शिवना, चंबल और सोमली नदियां उफान पर थीं। राजस्थान की ओर से तेज आवक आने के कारण दोपहर में कालाभाटा बांध के तीन गेट छह-छह फीट और चौथा गेट तीन फीट तक खोला गया। इसके परिणामस्वरूप शहर में शिवना नदी का पानी पशुपतिनाथ मंदिर के आसपास तक फैल गया। कोर्ट से मंदिर जाने वाला रास्ता बंद हो गया और पानी तापेश्वर महादेव मंदिर के भीतर तक घुस गया।
मुक्तिधाम के पास बनी छोटी पुलिया डूब गई, लेकिन इसके बावजूद लोग वाहनों से उसे पार करते रहे। यह लापरवाही किसी भी समय बड़े हादसे को जन्म दे सकती थी। इसी बीच करजू गांव में एक व्यक्ति पुलिया पर बाइक से गुजरने की कोशिश में नाले में गिर गया। उस जगह पुलिया पर न तो रेलिंग थी और न बैरिकेड। सौभाग्य से ग्रामीणों ने उसे समय रहते बाहर निकाला, लेकिन तेज बहाव में उसकी बाइक बह गई।
गुरुवार शाम तक जिले में कुल बारिश 31 इंच दर्ज की गई, जो पिछले वर्ष से डेढ़ इंच अधिक है। यदि आधा इंच और बारिश होती है तो औसत कोटा पूरा हो जाएगा। गांधीसागर बांध का जलस्तर 1302.45 फीट तक पहुँच चुका है। अगर आवक इसी गति से जारी रही तो इस माह में बांध के गेट खोले जा सकते हैं।