{"vars":{"id": "114287:4880"}}

तनाव की आशंका के बीच भिवानी और दादरी में दो दिन तक इंटरनेट सेवाएं बंद

 

Haryana News: हरियाणा सरकार ने भिवानी और चरखी दादरी जिलों में अगले दो दिनों के लिए मोबाइल इंटरनेट, एसएमएस और डोंगल सेवाओं पर रोक लगाने का आदेश दिया है। यह कदम मनीषा हत्याकांड के बाद हालात को देखते हुए उठाया गया है। प्रशासन का मानना है कि इस मामले को लेकर जिलों में तनाव और अव्यवस्था फैल सकती है। अगर इंटरनेट सेवाएं चालू रहती हैं तो सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से अफवाहें और भड़काऊ संदेश फैलने का खतरा बढ़ जाएगा, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

गृह विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि कुछ लोग इंटरनेट का दुरुपयोग करके गलत जानकारियां फैला सकते हैं, जिससे आमजन में भ्रम की स्थिति बन सकती है। इसके साथ ही सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और शांति व्यवस्था को भंग करने की आशंका भी जताई गई है। ऐसे में जनता की सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए इंटरनेट सेवाओं पर यह अस्थायी रोक लगाना ज़रूरी समझा गया है। सरकार का कहना है कि हालात सामान्य होने के बाद सेवाएं बहाल कर दी जाएंगी।