{"vars":{"id": "114287:4880"}}

Jind News: जींद शहर के हांसी रोड पर बनेगा 10 एमएलडी का नया एसटीपी, 38 कॉलोनियों के लोगों को मिलेगी सुविधा

इन कॉलोनियों में नए सिरे से सीवरेज लाइन बिछाई जाएंगी। ऐसे में नई एप्रूव्ड कॉलोनियों में भी सीवरेज व्यवस्था कराई जाएगी। वहीं इन कॉलोनियों में नहरी पानी लाने के लिए विभाग द्वारा पेयजल लाइन बिछाने का काम किया जा चुका है। लेकिन भाखड़ा आधारित पेयजल सप्लाई शुरू होने के बाद ही इन कॉलोनियों में सप्लाई शुरू हो पाएगी।
 

Jind News: जींद शहर की नई एप्रूव्ड 38 कॉलोनियों में गंदे पानी की निकासी की समस्या को दूर करने के लिए जन स्वास्थ्य विभाग (पब्लिक हेल्थ) ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब शहर के हांसी रोड पर ही नया सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) बनाया जाएगा। इससे पहले इस प्लांट को एचएसवीपी की जमीन पर बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया था, लेकिन वहां नई लाइन के लिए जमीन हस्तांतरण की मंजूरी न मिलने के कारण अब विभाग ने हांसी रोड पर खुद की जमीन पर इसे स्थापित करने की योजना बनाई है। जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक पूरे प्रोजेक्ट पर लगभग 41 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इस राशि से 10 एमएलडी क्षमता का एसटीपी तैयार किया जाएगा। जिससे वर्ष 2023 में शहर की एप्रूव्ड हुई 38 कॉलोनियों के बाशिंदों को सीवरेज समस्या से राहत मिलेगी।

इन कॉलोनियों में नए सिरे से सीवरेज लाइन बिछाई जाएंगी। ऐसे में नई एप्रूव्ड कॉलोनियों में भी सीवरेज व्यवस्था कराई जाएगी। वहीं इन कॉलोनियों में नहरी पानी लाने के लिए विभाग द्वारा पेयजल लाइन बिछाने का काम किया जा चुका है। लेकिन भाखड़ा आधारित पेयजल सप्लाई शुरू होने के बाद ही इन कॉलोनियों में सप्लाई शुरू हो पाएगी। इस प्रोजेक्ट के तहत केवल नया प्लांट ही नहीं बनेगा, बल्कि क्षेत्र की डैमेज हो चुकी सीवर लाइनों को भी बदला जाएगा। इन लाइनों के जरिए सीवर का गंदा पानी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में सप्लाई होगा। शहर की नई एप्रूव्ड कॉलोनी न्यू जवाहर नगर निवासी जयप्रकाश, भरत सिंह, रघु नगर निवासी दिलबाग सिंह व राजेंद्र ने बताया कि वे यहां पर पिछले कई वर्षों से रह रहे हैं, लेकिन सीवरेज और पानी की कोई सुविधा नहीं है।

पुराने एसटीपी के पास ही नया एसटीपी बनेगा

शुरुआती योजना के अनुसार 10 एमएलडी का एसटीपी एचएसवीपी की जमीन पर बनना प्रस्तावित था। विभाग ने इसके लिए पत्राचार भी किया था लेकिन जमीन हस्तांतरण में आ रही दिक्कतों के चलते वहां मंजूरी नहीं मिल सकी। अब पब्लिक हेल्थ की जमीन पर हांसी रोड पर बने 15 एमएलडी के एसटीपी के पास ही 10 एमएलडी का नया एसटीपी बनाया जाएगा। कर्मवीर सिंह, एसडीओ, पब्लिक हेल्थ विभाग, जींद।