{"vars":{"id": "114287:4880"}}

कांग्रेस ने सौंपी नई जिम्मेदारी, मोहित अग्रवाल बने जिले के सबसे युवा अध्यक्ष

 

Shivpuri News: कांग्रेस ने शनिवार को शिवपुरी जिले का नया जिलाध्यक्ष घोषित कर दिया। यह जिम्मेदारी 42 वर्षीय मोहित अग्रवाल को दी गई है, जो अब तक के सबसे युवा जिला अध्यक्ष होंगे। खास बात यह है कि वे राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान सक्रिय रूप से जुड़े रहे और लगातार संगठन में अपनी भूमिका निभाते रहे हैं।

मोहित अग्रवाल 2020 में शहर कांग्रेस अध्यक्ष बने थे। उस समय कोरोना महामारी की मुश्किल परिस्थितियों में उन्होंने संगठन को लगातार सक्रिय बनाए रखा। इसी दौरान ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजपा में जाने से कई कांग्रेसी नेता पार्टी छोड़कर चले गए, लेकिन मोहित पार्टी के साथ मजबूती से खड़े रहे। इससे संगठन का विश्वास उन पर और गहरा हुआ।

कांग्रेस में अब तक जिला अध्यक्ष का पद 60 साल या उससे अधिक उम्र के वरिष्ठ नेताओं को मिलता रहा है। पिछले दो दशकों में राम सिंह यादव, लाल साहब यादव, श्रीप्रकाश शर्मा और विजय सिंह चौहान जैसे नेता इस पद पर रहे। मोहित पहली बार ऐसे युवा चेहरे हैं जिन्हें जिले की कमान मिली है।

पार्टी संगठन ने मोहित को ग्वालियर जिला कांग्रेस अध्यक्ष के चयन के लिए पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी भी दी थी। यह शायद पहला मौका था जब किसी जिले के नेता को दूसरे जिले की चयन प्रक्रिया में अहम भूमिका निभाने का अवसर मिला। इसी अनुभव और कार्यशैली ने उन्हें मजबूत दावेदार बना दिया।

तीन वजहें जिनसे बढ़ा भरोसा

1. शहर अध्यक्ष रहते हुए कोरोना काल में संगठन को सक्रिय बनाए रखा।

2. भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी के साथ सक्रिय भागीदारी की।

3. संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारियों को समय पर पूरा किया।

मोहित की प्राथमिकताएं

नवनियुक्त अध्यक्ष मोहित अग्रवाल ने कहा कि उनकी प्राथमिकता किसानों के मुद्दे उठाना, सहकारी बैंक घोटाले को उजागर करना और नगर पालिका में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई कराना है। उन्होंने साफ कहा कि संगठन में पद "रेवड़ियों" की तरह नहीं बांटे जाएंगे, बल्कि उन्हीं कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी जो पूरी निष्ठा से काम करने को तैयार हों। वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में संगठन को और मजबूत बनाने का प्रयास किया जाएगा।