{"vars":{"id": "114287:4880"}}

जींद जिले की अलेवा अनाज मंडी में लाइट खराब होने से लगे पावर कट से चौकीदार और आढ़ती रहे परेशान 

 

Haryana Line, Power Cut Jind: जींद जिले की अलेवा अनाज मंडी में लाइट खराब होने से चौकीदारों और आढ़तियों को रात भर परेशानी का सामना करना पड़ा। व्यापारी एसोसिएशन द्वारा मंडी में पोलो पर लगी अधिकतर लाइटें खराब होने की शिकायत मार्केट कमेटी सचिव को दी है। सचिव द्वारा आढ़तियों को जल्द ही जेई के माध्यम से मैकेनिक को बुलाकर खराब लाइट ठीक कराने का आश्वासन दिया है।

मार्केट कमेटी सचिव को दी शिकायत में व्यापारी एसोसिएशन के प्रधान गोबिंद लोहान ने बताया कि मार्केटिंग बोर्ड द्वारा फसली सीजन में किसानों की सुविधा के लिए रात के समय रोशनी देने के लिए लगाई अधिकतर लाइट खराब है। लाइट खराब होने से रात के समय आढ़तियों व रात को पहरा देने वाले चौकीदार को परेशानी हो रही है। लाइट खराब होने से अनाज मंडी में रात के समय किसी जहरीले जीव जंतु के होने का मन में भय बना रहता है।

मंडी में रहने वाले आढ़तियों को रात को मजबूरन लाइट की व्यवस्था करने के बाद ही बाहर निकलना पड़ रहा है। उन्होंने सचिव से जल्द से खराब लाइटों को ठीक कराने की मांग की है।

विकास ढिल्लो, सचिव मार्केट कमेटी अलेवा ने कहा कि अनाज मंडी के आढ़तियों द्वारा शुक्रवार को सुबह ही मंडी की खराब लाइटों को ठीक कराने की शिकायत कार्यालय में आई है। मार्केटिंग बोर्ड के जेई के माध्यम से इलेक्ट्रिशियन को बुलाकर जल्द ही मंडी के पोलों पर लगी खराब लाइटों को ठीक करा दिया
जाएगा।