{"vars":{"id": "114287:4880"}}

चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद पुजारी से मारपीट, इलाज के दौरान मौत, लोगों ने लगाया जाम

 

Chhatarpur News: छतरपुर जिले की बलकौरा पंचायत के लोधिनपुरवा गांव में हनुमान मंदिर के पुजारी मैयादीन अहिरवार की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुजारी की उम्र 60 साल थी और वे कई सालों से मंदिर में रहकर पूजा-पाठ करते थे। मंदिर में पहले भी तीन बार चोरी हो चुकी थी। 20 जुलाई की रात फिर चोरी हुई, जिसकी रिपोर्ट दर्ज कराने वे चंदला थाने गए थे।

रिपोर्ट दर्ज कराकर लौटते समय कुछ लोगों ने उन्हें रास्ते में रोककर धमकाया। इसके बाद 27 जुलाई की रात कुछ अज्ञात लोगों ने मंदिर में घुसकर उनके साथ मारपीट की। परिजनों ने पहले उन्हें चंदला अस्पताल, फिर जिला अस्पताल और उसके बाद ग्वालियर रेफर कराया, लेकिन 31 जुलाई की सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

परिजनों का आरोप है कि उन्होंने जिन लोगों के नाम पुलिस को बताए, उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसी नाराजगी में ग्रामीणों ने शव को ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखकर लवकुशनगर-चंदला मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। यह जाम करीब 1 घंटे 20 मिनट चला। मौके पर एसडीओपी नवीन दुबे, लवकुशनगर टीआई अजय अम्बे और चंदला टीआई पुलिस बल के साथ पहुंचे और सख्ती से जाम हटवाया। परिजन को निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिया गया।