Jind News: जींद शहर में बेहतर पेयजल सप्लाई देने के लिए चार सेक्टरों में दुरुस्त की जाएगी पेयजल सप्लाई व्यवस्था
Jind News: जींद शहर के रहवासियों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार शहर के चार सेक्टरों में पेयजल व्यवस्था सुधारने हेतु सप्लाई व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी। शहर में एचएसवीपी के सेक्टर-6, 7, 8 व 9 के कई एरिया में पेयजल सप्लाई की कई पाइप लाइनें क्षतिग्रस्त हालत में हैं। पाइप लाइनों में कई स्थानों पर लीकेज की समस्या बनी हुई है। वहीं कई स्थानों पर वाल्व भी ठीक नहीं है। इससे सेक्टरवासियों को पूरी पेयजल आपूर्ति का लाभ नहीं मिल रहा है। गर्मी के सीजन को देखते हुए एचएसवीपी अधिकारियों ने चारों सेक्टरों में पेयजल सप्लाई व्यवस्था को सुधारने के लिए पेयजल पाइप लाइनों की मरम्मत व लीकेज ठीक करने के लिए विभाग ने टेंडर जारी किया है।
शहर में छह सेक्टर बने हुए हैं। इन सेक्टरों में एचएसवीपी द्वारा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।सेक्टरवासियों को पेयजल सुविधाएं भी एचएसवीपी द्वारा ही उपलब्ध करवाई जा रही हैं। शहर के सेक्टर-6, 7, 8 व 9 में हर घर तक पेयजल सप्लाई पहुंचाने के लिए दबाई गई पाइप लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई हैं।
पाइप लाइनों में कई स्थानों पर लीकेज हैं। इसके कारण घरों में खराब पानी पहुंचता है। वहीं पेयजल में मिट्टी मिली होने के चलते इसका प्रयोग पीने के लिए नहीं किया जा सकता है। ऐसे में यह पानी व्यर्थ ही नालियों में बहा दिया जाता है। इससे प्रतिदिन हजारों लीटर पेयजल व्यर्थ हो रहा है। पेयजल को व्यर्थ होने से रोकने के लिए एचएसवीपी अधिकारियों ने लीकेज व पाइप लाइनों को ठीक करने के लिए टेंडर जारी किया है। इस कार्य पर एचएसवीपी द्वारा करीब 9 लाख 17 हजार 700 रुपए खर्च किए जाएंगे।
जल्द ठीक होगी पाइप लाइनों की लीकेज
रोहित श्योराण, जेई, एचएसवीपी, जींद ने बताया कि शहर के सेक्टर-6, 7, 8 व 9 में पेयजल पाइप लाइनों की मरम्मत व लीकेज ठीक करवाई जानी हैं। इसके लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। जल्द ही औपचारिकताएं पूर्ण कर कार्य एजेंसी को अलॉट कर दिया जाएगा। पाइप लाइनों की मरम्मत व लीकेज दुरुस्त होने के बाद सेक्टर वासियों को उच्च गुणवत्ता का पेयजल मिल सकेगा। (Jind News)