PRTC Bus Sarvice: पीआरटीसी की हड़ताल जारी, हरियाणा में यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें
Jind News: पंजाब में चल रही बसों की हड़ताल का असर अब हरियाणा में भी दिखने लगा है। हरियाणा प्रदेश से पंजाब की यात्रा करने वाले यात्रियों को पीआरटीसी बस सेवा बंद होने के बाद परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पंजाब में मांगों को लेकर पीआरटीसी कर्मियों की चल रही हड़ताल का असर हरियाणा में भी दिखाई दे रहा है। लगातार तीसरे दिन भी पंजाब रोडवेज की बसें सड़क से नदारद रहीं, जिसके कारण जींद से लुधियाना, पटियाला और संगरुर की ओर जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रोजाना हजारों यात्री पंजाब की ओर सफर करते हैं, लेकिन बसों की संख्या कम होने से यात्री बस स्टैंड पर घंटों तक इंतजार करने को मजबूर हैं। शहर से सामान्य दिनों में जींद से लुधियाना के लिए 4 और सामान्य वस अड्डा, जीन्द पटियाला के लिए 6 रोडवेज और पीआरटीसी की बसें चलती हैं। लेकिन पीआरटीसी का पहिया थमने से पूरा बोझ हरियाणा रोडवेज की बसों पर आ गया है। यात्रियों की भीड़ अचानक बढ़ने से सीटें जल्दी भर गईं।
पीआरटीसी की पहली बस सुबह साढ़े 6 बजे होती थी रवाना
आम दिनों में पीआरटीसी की पहली बस सुबह 6:30 बजे लुधियाना के लिए खाना होती थी। इसके बाद 7 बजे और 7:30 बजे भी बसें लुधियाना जाती थीं। संगरूर के लिए सुबह 9:45 बजे, फिर 10:14 बजे लुधियाना, 11:30 बजे लुधियाना, 11:40 बजे पटियाला, 12:50 बजे पटियाला, दोपहर 3:50 बजे संगरूर और 4 बजे भी संगरूर के लिए बस मिलती थी। लेकिन हड़ताल की वजह से ये सभी सेवाएं बंद पड़ी हैं।
सुनील पूनिया, डीआई, बस स्टैंड जींद ने बताया कि पीआरटीसी की हड़ताल के कारण पंजाब डिपो की बसें नहीं चल रही हैं। ऐसे में जींद डिपो की रोडवेज बसों से लोगों को पंजाब भेजने का प्रयास किया जा रहा है। हमारी प्राथमिकता है कि यात्रियों को अधिक से अधिक सुविधा मिल सके।