{"vars":{"id": "114287:4880"}}

बेटा बोला था रक्षाबंधन पर बहन को रुपये भेज रहा हूं, 3 घंटे बाद मिली मौत की खबर

 

Shivpuri News: रामपुरकलां के रामेश्वर धाकड़ के बेटे सूरज धाकड़ (19) की गुजरात के राजकोट में संदिग्ध मौत हो गई। परिवार का आरोप है कि सूरज की हत्या उसके साथी रिजवान खान ने की है। रामेश्वर और सूरज दोनों आर्थिक रूप से कमजोर हैं और अलग-अलग राज्यों में मजदूरी करते हैं। रामेश्वर जयपुर में काम करता है, जबकि सूरज गुजरात में।

हाल ही में सूरज राजस्थान के भीलवाड़ा में एक कपड़ा फैक्ट्री में काम कर रहा था। 31 जुलाई को रिजवान ने उसे राजकोट में धागा फैक्ट्री में काम के लिए बुलाया और 500 रुपए ऑनलाइन भेजे। सूरज राजकोट पहुंच कर काम करने लगा। 4 अगस्त को सूरज ने पिता को फोन किया और कहा कि वह रक्षाबंधन के बाद जयपुर आएं, और 1000 रुपए बहन को भेज रहा हूं। तीन घंटे बाद रिजवान ने फोन कर कहा कि सूरज ने फांसी लगा ली है और उन्हें राजकोट आने को कहा।

परिजन जब राजकोट पहुंचे, तो पता चला रिजवान ने सूरज को फांसी से उतारा और अस्पताल ले गया, लेकिन पुलिस को सूचना नहीं दी। परिजन की शिकायत पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। रामेश्वर ने कहा कि सूरज के शरीर पर चोट के निशान थे और रिजवान ने पुलिस को क्यों नहीं बुलाया, यह सवाल उठता है।