हरियाणा का ताजमहल: थानेसर में स्थित है शेख चिल्ली का मकबरा
Haryana News: आगरा का ताजमहल तो सभी जानते हैं, लेकिन हरियाणा में भी एक ऐसी ऐतिहासिक इमारत है, जिसे "हरियाणा का ताजमहल" कहा जाता है। यह खूबसूरत मकबरा कुरुक्षेत्र जिले के थानेसर शहर में स्थित है, जिसे सूफी संत शेख चिल्ली की याद में बनवाया गया था।
इस मकबरे का निर्माण मुगल राजकुमार दाराशिकोह ने 1650 के आसपास करवाया। दाराशिकोह, बादशाह शाहजहाँ का पुत्र था और शेख चिल्ली को अपना आध्यात्मिक गुरु मानता था। यह मकबरा न सिर्फ उनकी श्रद्धा का प्रतीक है, बल्कि मुग़ल स्थापत्य कला का शानदार उदाहरण भी है।
इस इमारत की बनावट और इस्तेमाल हुए पत्थर ताजमहल की शैली से काफी मिलते-जुलते हैं। इसलिए इसे “हरियाणा का ताजमहल” भी कहा जाता है। मकबरा हर्ष के टीले के पूर्वी किनारे पर बना है, जो खुद भी एक ऐतिहासिक स्थल माना जाता है।
शेख चिल्ली मूल रूप से ईरान से आए थे और कुरुक्षेत्र में आकर उन्होंने सूफी मार्ग को अपनाया। यहीं उन्होंने अपना जीवन बिताया और यहीं उनका निधन हुआ। उनकी मृत्यु के बाद, उनकी स्मृति में यह मकबरा बनवाया गया।
समय के साथ यह स्थल उपेक्षित होता गया, लेकिन बाद में भारतीय पुरातत्व विभाग ने इसे संरक्षित किया और इसकी मरम्मत करवाई। अब यह मकबरा एक प्रमुख पर्यटन स्थल बन चुका है और इतिहास व स्थापत्य कला में रुचि रखने वालों के लिए बेहद खास जगह है।
घूमने का समय: सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक
स्थान: थानेसर, कुरुक्षेत्र (हरियाणा)