शहर के मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा, 5 अस्थाई बस स्टैंड बनेंगे
Barwani News: खरगोन में भगवान सिद्धनाथ महादेव की 57वीं यात्रा सोमवार को निकलेगी। मंदिर से शुरू होकर यात्रा शहर के मुख्य मार्गों से गुजरती हुई पहुंचेगी। इसमें झांकियां, अखाड़े और नृत्य दल शामिल होंगे। अनुमान है कि इस दौरान करीब 3 लाख श्रद्धालु इस पावन आयोजन में हिस्सा लेंगे। भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने ट्रैफिक डायवर्सन प्लान जारी किया है।
सुबह 8 बजे से भारी वाहनों को शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यात्रियों के लिए पांच अस्थाई बस स्टैंड और चार पार्किंग स्थल बनाए जाएंगे, जहां वाहन खड़े किए जा सकेंगे। छोटे वाहन डायवर्सन रूट से ही गुजरेंगे।
खंडवा-बुरहानपुर से आने वाली बसें प्रेसीडेंट होटल के सामने अस्थाई बस स्टैंड पर रुकेंगी। अन्य वाहन नूतन नगर, बिस्टान रोड से होते हुए पुराने पुल और औरंगपुरा चौराहा से बाहर निकल सकेंगे।
सनावद-गोगांवा मार्ग से आने वाली बसें आरटीओ कार्यालय परिसर में बनाए गए अस्थाई बस स्टैंड पर जाएंगी। छोटे वाहन वृंदावन कॉलोनी से प्रेसीडेंट होटल होते हुए औरंगपुरा चौराहा तक आ-जा सकेंगे।
इंदौर और बड़वानी से आने वाली बसों के लिए नवगृह मेला मैदान में अस्थाई बस स्टैंड बनाया गया है। छोटे वाहन पुराना पुल, छोटी मोहन टॉकीज होते हुए बिस्टान और खंडवा रोड से गुजरेंगे।
बिस्टान-भगवानपुरा मार्ग की बसें अनाज मंडी में बने अस्थाई बस स्टैंड पर रुकेंगी। छोटे वाहन बिस्टान नाका, छोटी मोहन टॉकीज और पुराने पुल से औरंगपुरा चौराहा तक जा सकेंगे।
मुख्य झांकी से 12 क्विंटल प्रसाद वितरित किया जाएगा। चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष कैलाश अग्रवाल ने व्यापारी संगठनों से प्रतिष्ठान बंद रखकर इस आयोजन में शामिल होने की अपील की है।