Sirsa News: सिरसा शहर में रात को फर्जी पुलिस कर्मी बनकर 500 रुपये लूटने वाले दो पकड़े, गाड़ी भी जब्त
Sirsa News: सिरसा शहर में रविवार देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई जब दो लोग सिविल ड्रेस में बोलेरो गाड़ी से उतरकर बस स्टैंड के पास सो रहे दो मजदूर भाइयों से खुद को पुलिसकर्मी बताकर 500 रुपये लूटकर फरार हो गए। लेकिन सिविल लाइन थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई से महज कुछ घंटों में ही दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया। पुलिस ने लूटी गई पूरी राशि बरामद कर ली और बोलेरो गाड़ी भी जब्त कर ली है।
शिकायतकर्ता विक्रम और विकास दोनों सगे भाई हैं और गांव अहमदपुर दारेवाला (सिरसा) के रहने वाले हैं। दोनों टाइल्स लगाने का मिस्त्री का काम करते हैं। रविवार शाम को काम खत्म करके वे अपनी बाइक से गांव लौट रहे थे। रास्ते में बाइपास पर अचानक बाइक की चैन टूट गई। काफी कोशिश के बाद भी चैन नहीं जुड़ी तो दोनों भाई परेशान हो गए। रात काफी हो चुकी थी, इसलिए उन्होंने किसी होटल में रुकने का प्लान बनाया।
होटल वाले ने एक रात के 1100 रुपये मांगे। मजदूरी करने वाले दोनों भाइयों के लिए इतनी राशि देना मुमकिन नहीं था। मजबूरन उन्होंने सिरसा बस स्टैंड के पास एक चाय के खोखे के बाहर रखे बैंच पर ही लेटकर रात गुजारने का फैसला किया। दोनों भाई बैंच पर सो गए। रात करीब 1-2 बजे के बीच एक सफेद रंग की बोलेरो गाड़ी बस स्टैंड के पास रुकी। गाड़ी से सिविल ड्रेस में दो युवक उतरे। उन्होंने खुद को पुलिस वाला बताया और सख्त लहजे में पूछा, यहां सड़क पर कैसे सो रहे हो? आधार कार्ड दिखाओ। डर के मारे दोनों भाई उठ खड़े हुए। आरोपियों ने तलाशी लेने के बहाने विक्रम की जेब से 500 रुपये निकाल लिए और बोलेरो में बैठकर फरार हो गए। सुबह होते ही दोनों भाई सिविल लाइन थाने पहुंचे और पूरी घटना की लिखित शिकायत दी। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार ने तुरंत टीम गठित की। सीसीटीवी फुटेज, मुखबिरों की सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने कुछ ही घंटों में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतपाल निवासी वार्ड नंबर-4, खैरपुर कॉलोनी सिरसा और संदीप निवासी गांव मंगाला (सिरसा) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनसे लूटी गई 500 रुपये की राशि बरामद कर ली और बोलेरो गाड़ी को जब्त कर लिया।