{"vars":{"id": "114287:4880"}}

उचाना मंडी में पहुंचा 912 क्विंटल पीआर धान, पिल्लूखेड़ा मंडी में अधिकारियों ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा 

 

 

Jind News : हरियाणा प्रदेश में जींद जिले की उचाना मंडी में पीआर धान की आवक शुरू हो चुकी है। खरीद को लेकर प्रशासन और मार्केट कमेटी द्वारा पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। मंगलवार को दोपहर 3 बजकर 17 मिनट तक मार्केट कमेटी द्वारा पीआर धान के 17 गेट पास काटे गए तथा मंडी में 912 क्विंटल धान की आवक हो चुकी थी। फूड सप्लाई विभाग द्वारा पीआर धान की सरकारी खरीद की जा रही है। हालांकि फसल में नमी की मात्रा अधिक होने के कारण किसी भी ढेरी की खरीद नहीं हो पाई। सरकार द्वारा पीआर धान में अधिकतम 17 प्रतिशत नमी निर्धारित की गई है, जबकि मंडी में पहुंची धान की ढेरियों में इससे अधिक नमी पाई गई। पिछले कुछ दिनों से मौसम में आए बदलाव के चलते धान में नमी बढ़ी है।

 

मंडी में खरीद के लिए पहुंची पीआर धान की ढेरियों का किया गया निरीक्षण

 

फूड सप्लाई इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि मंडी में खरीद के लिए पहुंची पीआर धान की ढेरियों का निरीक्षण किया गया लेकिन निर्धारित मानक से अधिक नमी होने के कारण खरीद नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि निर्धारित नमी मानक पूरा होने पर ही धान की खरीद की जाएगी। मार्केट कमेटी सचिव योगेश कुमार ने बताया कि धान की खरीद को लेकर मंडी में सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे साफ और अच्छी तरह सुखाकर धान मंडी में लेकर आएं, ताकि मंडी में पहुंचते ही फसल की खरीद हो सके। इस बार पीआर धान का सरकार द्वारा निर्धारित भाव 2461 रुपए प्रति क्विंटल है। 

 

पिल्लूखेड़ा मंडी में व्यवस्थाओं का एसडीएम पुलकित ने लिया जायजा

जींद जिले में धान खरीद सीजन को लेकर सफीदों के एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने मंगलवार को पिल्लूखेड़ा अनाज मंडी का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मंडी में धान की आवक, खरीद, फसल उठान, गेट पास, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों और आढ़तियों से किसानों की फसल खरीद तथा उठान की स्थिति के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।