जम्मू-कटरा व अमृतसर रूट की बसें बंद, रोजाना 40 लोकल रूट पर बसों के फेरे हो रहे मिस
Haryana Roadways: हरियाणा रोडवेज डिपो में बसों और बस चालकों की भारी कमी से यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नोर्म के अनुसार हरियाणा प्रदेश के सिरसा डिपो में 247 बसें होनी चाहिएं, लेकिन वर्तमान में केवल 196 बसें ही उपलब्ध हैं। 30 बसें कंडम हालत में वर्कशॉप में खड़ी हैं। 60 बस चालकों की कमी है, इससे न केवल डेली रूट प्रभावित हो रहे हैं, बल्कि लंबी दूरी की बस सेवाएं भी बंद हो गई हैं। एक सप्ताह से जम्मू-कटरा व अमृतसर रूट की बसें बंद हैं।
विभाग ने इसकी वजह यात्रियों की कमी बताया, लेकिन बुधवार सुबह 3:10 बजे दिल्ली रूट की बस भी नहीं चली, जिससे कई पैसेंजरों को निजी साधनों का सहारा लेना पड़ा। प्रमुख मार्गों पर रोजाना 40 से ज्यादा फेरे मिस हो रहे हैं। खासकर दिल्ली, चंडीगढ़, पानीपत, गुड़गांव जैसे रूटों पर 10 से अधिक फेरे प्रभावित हैं। ओवरटाइम लिमिट तय होने से 15 नाइट स्टे वाली बस सेवाएं भी बंद पड़ी हैं। डिपो जीएम अनित कुमार ने हालात सुधारने को डबल डीआई नियुक्त किए हैं। प्रथम श्रेणी में नंदलाल और द्वितीय श्रेणी में वंता सिंह को सेवाएं सुचारू कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यात्रियों ने मांग की है कि रूट और टाइमिंग की समीक्षा कर बसों की उपलब्धता बढ़ाई जाए।
ज्यादा परेशानी स्टूडेंट्स को आ रही
सबसे अधिक दिक्कत छात्रों को हो रही है। सिरसा, डिंग, सुचान के क्षेत्रों से रोजाना सैंकड़ों विद्यार्थी हिसार के कोचिंग संस्थानों व जॉब के लिए पैसेंजर ट्रेनों पर निर्भर रहते हैं। ट्रेनों के रुकने से अब उनके लिए समय पर कोचिंग सेंटरों में पहुंचना मुश्किल हो रहा है।
बस स्टैंड से मार्ग ड्यूटी पर लगाया
अनित कुमार, जीएम रोडवेज डिपो सिरसा ने बताया कि डिपो में बस चालकों की कमी है, इसलिए 17 चालकों को स्टैंड ड्यूटी से मार्ग ड्यूटी पर लगाया गया। शाखा में दो डीआई तैनात किए हैं। ताकि बस सेवाएं सुचारू हो सकें। हर दिन टाइमटेबल की समीक्षा की जाएगी। (Haryana Roadways Sirsa)