Jind News: जींद जिले की 5 सड़कों पर होंगे करोड़ों रुपए खर्च, शहर से गांवों की कनेक्टिविटी होगी बेहतर
Jind News: जींद जिले के ग्रामीण इलाकों के लिए राहत की खबर है। लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ी पांच प्रमुख ग्रामीण सड़कों के नवनिर्माण और स्पेशल रिपेयर को लोक निर्माण विभाग ने मंजूरी दे दी है। इन सड़कों की मरम्मत पर लगभग 11 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। विभागीय मंजूरी मिलने के बाद अब जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर काम शुरू किया जाएगा।
जिन सड़कों को इस परियोजना में शामिल किया गया है, उनमें जींद-सफीदों मार्ग से हैबतपुर, खोखरी होते हुए कंडेला रोड तक का हिस्सा प्रमुख है। जिसकी लंबाई 12.950 मीटर है। इसके अलावा दालमवाला से जीवनपुर (स्पेशल रिपेयर) नगूरां रोड, इसकी लंबाई 5.320 मीटर, सफीदों रोड से निर्जन रोड 600 मीटर, दरियावाला से बरसोला (स्पेशल रिपेयर) 4.580 मीटर और जींद-हांसी रोड बाइपास से जींद-भिवानी रोड तक 6.300 मीटर सड़क का भी नवनिर्माण किया जाएगा। ये सड़कें ग्रामीण आवागमन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण हैं और रोजाना हजारों वाहन इन पर चलते हैं।
फिलहाल इन सड़कों की हालत बेहद खराब
फिलहाल इन सड़कों की हालत बेहद खराब है। जगह-जगह गहरे गड्ढे बन चुके हैं, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विभाग की इस परियोजना के तहत सड़कों की पूरी सतह को नया बनाया जाएगा। जहां जरूरत होगी वहां मजबूत बेस तैयार किया जाएगा, ताकि सड़कें लंबे समय तक टिकाऊ रहें।
ग्रामीणों को आवागमन में मिलेगी बेहतर सुविधा
इन सड़कों के बन जाने से न सिर्फ ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी, बल्कि किसानों को भी अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में आसानी होगी। स्कूल, अस्पताल और अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंच सुगम होने से क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। स्थानीय लोगों ने इस निर्णय का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि काम तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाएगा।
ये सड़कें लंबे समय से हैं बदहाल
जिले की पांच ग्रामीण सड़कों के नवनिर्माण को पीडब्ल्यूडी से हरी झंडी मिलना ग्रामीण क्षेत्रों के लिए बड़ी राहत है। ये सड़कें लंबे समय से बदहाल हैं। खास बात यह है कि ये सभी सड़कें गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ती हैं। निर्माण पूरा होने के बाद न सिर्फ आवागमन आसान होगा, बल्कि खेती व एक गांव से दूसरे गांव तक पहुंचने में सीधा फायदा मिलेगा। यहां सड़कें बदहाल होने के कारण वाहन चालकों को घूमकर 5 से 10 किमी तक अतिरिक्त सफर करके अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ता था। सड़कें बनने से राहगीरों व वाहन चालकों को लाभ मिलेगा।
सड़कों की होगी स्पेशल रिपेयर
राजकुमार, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी जींद ने बताया कि इन गांवों में सड़कों की लंबे समय से बनाने की मांग की जा रही थी। विभाग ने मुख्यालय प्रपोजल भेजा हुआ था। अब इन सड़कों की मंजूरी मिली है। यह लगभग 29.750 किलोमीटर क्षेत्र है। इसमें लगभग 11 करोड़ की लागत से सड़कों की स्पेशल रिपेयर की जाएगी। इसे ग्रामीणों को फायदा होगा।