Jind News: सीवरेज लाइन बिछाने के बाद बदहाल हुई ढाकल रोड, ऊबड़-खाबड़ सड़क से रोजाना जूझ रहे वाहन चालक
Jind News: Jind News: जींद जिले में ढाकल रोड पर सीवरेज पाइपलाइन बिछाने के बाद ब्लॉकों को दोबारा लगा तो दिया गया, लेकिन उन्हें समतल नहीं किया गया। परिणामस्वरूप सड़क जगह-जगह ऊबड़-खाबड़ हो गई है और कई स्थानों पर सीवरेज के ढक्कन भी सड़क की सतह से ऊपर दिखाई दे रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।
वर्तमान में हालात यह हैं कि इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन हिचकोले खाते हुए निकलते हैं। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है और कई बार वाहन असंतुलित होने से लोग चोटिल भी हो चुके हैं। बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है। पाइपलाइन बिछाने के दौरान निकाली गई मिट्टी सड़क किनारे छोड़ दी गई थी, जो बारिश के दौरान सड़क पर फैलकर कीचड़ और फिसलन का कारण बन रही है। इससे पैदल राहगीरों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी काफी दिक्कत होती है। कई लोग बरसात के दिनों में इस मार्ग से गुजरने के बजाय दूसरा रास्ता अपनाने को मजबूर हैं।
ढाकल रोड है शहर का प्रमुख मार्ग
विश्वकर्मा चौक से ढाकल रोड शहर का प्रमुख मार्ग है। इस रास्ते से ढाकल, हथो, सिंसर, बिधराना, सिंगवाल सहित आसपास के अनेक गांवों के लोग प्रतिदिन शहर में आते-जाते हैं। मार्ग पर दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की संख्या अधिक होने के कारण दिनभर यातायात का दबाव बना रहता है। दुकानदारों का कहना है कि उड़ती धूल और बारिश के समय कीचड़ के कारण ग्राहकों को भी परेशानी होती है, जिससे उनके कारोबार पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पाइपलाइन का कार्य पूरा हुए कई महीने बीत चुके हैं, लेकिन सड़क को अब तक पूर्व स्थिति में नहीं लाया गया। उन्होंने मांग की है कि इंटरलॉकिंग ब्लॉकों को तकनीकी मानकों के अनुसार दोबारा समतल बिछाया जाए और सड़क पर फैली मिट्टी को तुरंत हटाकर मार्ग को सुरक्षित बनाया जाए।
एसडीओ बोले-सड़क पुरानी है, नया निर्माण ही स्थायी समाधान
जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ कुलदीप कोहाड़ ने बताया कि ढाकल रोड काफी पुरानी सड़क है। मार्च माह में सीवरेज पाइपलाइन का कार्य पूरा कर लिया गया था और जिन स्थानों पर सड़क उखाड़ी गई थी, वहां लोगों की मांग पर दोबारा इंटरलॉकिंग ब्लॉक बिछा दिए गए थे। उन्होंने कहा कि सड़क पुरानी होने और बरसात के कारण उसका लेवल प्रभावित हो सकता है। स्थायी समाधान के लिए नगर परिषद को सड़क का नए सिरे से निर्माण कराना होगा, जिससे मार्ग का स्तर पूरी तरह ठीक हो सकेगा।