{"vars":{"id": "114287:4880"}}

धान की मुंछल, पूसा 1121 में पत्ता लपेट बीमारी का प्रकोप, हरियाणा में किसान हुए चिंतित 

 

Rice 1121: हरियाणा के जींद जिले में अलेवा क्षेत्र के विभिन्न गांवों के खेतों में रोपाई की गई धान की पछेती किस्म मुंछल और पूसा 1121 की फसल में पत्ता लपेट बीमारी फैल गई है। बीमारी से पौधे ऊपर से सूख रहे हैं। फसल खराब हो रही है। किसान परेशान हैं। किसान फसल बचाने के लिए रोज कृषि विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से सलाह ले रहे हैं। महंगे भाव का स्प्रे कर रहे हैं। कीटनाशक दवा का स्प्रे भी बेअसर साबित हो रहा है।

पत्ता लपेट बीमारी से धान के पत्ते सूखकर खराब हो रही है फसल

जींद जिले के अलावा क्षेत्र के विभिन्न गांवों के किसान विक्की, संजय, गुड्डु, सुशील, सुरेश, रामपाल, सोहन, अनिल और मेहर सिंह ने बताया कि पत्ता लपेट बीमारी से धान के पत्ते सूखकर खराब हो रहे हैं। कृषि विशेषज्ञों की सलाह के बाद भी रोज कीटनाशक का स्प्रे करना पड़ रहा है। रात में ठंड रहती है। दिन में अधिक गर्मी रहती है। इस कारण दवा का असर कम हो रहा है। किसानों ने बताया कि पिछले दिनों हुई बारिश से धान में लगी सुंडी नाम की बीमारी ठीक हो गई। पत्ता लपेट बीमारी बनी हुई है। कई किसानों की फसल के पत्ते सूखने से नुकसान हो रहा है। खंड कृषि अधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि बचाव के लिए 200 मिलीलीटर मोनोक्रोटोफॉस कीटनाशक को 200 लीटर पानी में मिलाकर स्प्रे करें।