Sirsa News: सिरसा में मेला ग्राउंड के प्लाटधारकों को मिलेगी प्लॉट की पजेशन, प्रक्रिया हुई तेज
Sirsa News: सिरसा शहर में मेला ग्राउंड स्थित नगर परिषद की साढ़े 13 एकड़ जमीन पर 2003 में 231 प्लाट काटे गए थे। लोगों ने उस समय 160 प्लाट खरीदे, लेकिन 22 साल बीतने के बाद भी उन्हें प्लाटधारकों को मालिकाना हक नहीं मिला। अब नगर परिषद ने प्लाटधारकों को पजेशन देने की प्रक्रिया शुरू करेगी। पहले चरण में जमीन पर जंगलात को हटाने का कार्य शुरू किया जाएगा। जिसके लिए नगर परिषद ने 6.59 लाख रुपए के टेंडर लगाए हैं। दूसरे चरण में प्लाटों पर कब्जा करके बैठे करीब 150 झुग्गी-झोंपडियों को खाली करवाया जाएगा। यह कार्य पुलिस की मौजूदगी में चलेगा। तीसरे चरण में प्लाटधारकों को निशानदेही करवाकर उन्हें कब्जा दिया जाएगा।
नक्शे के अनुरूप की जाएगी मार्किंग
नगर परिषद द्वारा प्लाटधारकों व दुकानों को नक्शा के अनुरूप पैमाइश करवाकर मार्क किया जाएगा। उसी आधार पर सभी दुकान मालिकों व प्लाटधारकों को पजेशन दी जाएगी। इसके बाद प्लाट मालिक अपना निर्माण कार्य शुरू कर सकेंगे। इसके अलावा बचे हुए 73 प्लॉटों की बोली करवाई जाएगी। नप का दावा है कि दिसंबर माह में प्लाटधारकों को मार्किंग करवाकर पजेशनदेने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। प्लाट धारक को पोजीशन मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू करना पड़ेगा।
कई प्लाटधारकों की हो चुकी मौत
चौ. देवीलाल टाउनशिप एसोसिएशन के प्रधान रमेश साहुवाला ने बताया कि 22 साल बीतने के बाद भी प्लाटों की पजेशन नहीं मिली है। कई प्लाटधारकों की मौत भी हो चुकी है। किसी प्लाटधारक की मृत्यु होने के बाद प्लाट ट्रांसफर की प्रक्रिया को भी अमल में नहीं लाया जा रहा। जिन प्लाटधारकों की मौत हो चुकी है वे प्लाट ट्रांसफर करवाने के लिए नगर परिषद के चक्कर काट रहे हैं।
प्रवेश शर्मा, एमई, नगर परिषद सिरसा, ने बताया कि मेलाग्राउंड चौ. देवीलाल टाउनशिप में बना जंगलात हटाया जाएगा। 6.59 लाख रुपए के टेंडर लगाए गए हैं। जल्द ही प्लाटधारकों को कब्जा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।