{"vars":{"id": "114287:4880"}}

Sonipat News: 13 साल बाद भी आईएमटी के लिए अधिग्रहीत जमीन के बदले किसानों को नहीं मिले प्लॉट

 

Sonipat News: हरियाणा प्रदेश के सोनीपत जिले के खरखोदा क्षेत्र में आईएमटी के लिए अधिग्रहीत 10 गांवों की करीब 3,200 एकड़ भूमि के किसानों को 13 साल बाद भी सरकार की पॉलिसी के तहत प्लॉट नहीं मिले हैं। सोमवार को कुंडल गांव के शिव मंदिर में किसानों की पंचायत हुई। किसानों ने कहा कि अधिग्रहण में गई भूमि के बदले पॉलिसी के तहत रिहायती दरों पर आवासीय प्लॉट दिए जाने हैं। वहीं, जिन किसानों की कुल भूमि का 75 प्रतिशत या इससे अधिक हिस्सा और कम से कम एक एकड़ भूमि अधिग्रहण में गई है, उन्हें रियायती दरों पर इंडस्ट्रियल या कमर्शियल प्लॉट देने का प्रावधान है। किसानों का आरोप है कि अब तक किसी को इसका लाभ नहीं मिला। 

2 दिन बाद प्लांट आवंटन प्रक्रिया शुरू करने हेतु अधिकारी लिखित में देंगे आदेश

पंचायत के बाद किसान नारेबाजी करते हुए एचएसआईडीसी कार्यालय पहुंचे। यहां तहसीलदार बिजेंद्र नांदल और नायब तहसीलदार सचिन कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों को आश्वासन दिया कि दो दिन में विभागीय स्तर पर लिखित रूप से बताया जाएगा कि प्लॉट देने की प्रक्रिया कब तक शुरू होगी। इसके बाद किसानों ने धरना स्थगित कर दिया। पंचायत में जयप्रकाश, जगबीर, सुनील, रामकुमार, संजय, विनोद, महावीर और पप्पू सहित 21 सदस्यीय कमेटी गठित की गई। किसानों ने कहा कि मांग पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा।