Power Cuts Jind: बिजली के अघोषित कटों से जींद जिले में ग्रामीणों को गर्मी में रात गुजारना हुआ मुश्किल
Power Cuts: हरियाणा प्रदेश के जींद जिले में नगूरां बिजली निगम सब डिवीजन के अंतर्गत लगने वाले विभिन्न गांवों के बिजली उपभोक्ताओं को भीषण गर्मी के दौरान रात के समय लंबे व अघोषित कटों का सामना करना पड़ रहा है। रात के समय बिना बिजली के उपभोक्ताओं को मच्छरों व भीषण गर्मी का प्रकोप सहने को विवश होना पड़ रहा है।
विभिन्न गांवों के बिजली उपभोक्ता रामपाल, राजेंद्र, रामबीर, मनोज, राजा राम, पवन, सतीश, कृष्ण, कर्मपाल, जगमाल, काला, सुनील व राजबीर ने बताया कि गर्मी का मौसम शुरू होते ही बिजली सप्लाई भी अपना रंग दिखाना शुरू कर देती है। शाम के समय 6 बजे बिजली सप्लाई आने के साथ ही सप्लाई में कट लगने शुरू हो जाते है। पिछले दो दिनों से बिजली सप्लाई में रात व दिन के समय बार बार लंबे व अघोषित कट लगाए जाते है। रात के समय बिजली सप्लाई में लंबे अघोषित कटों ने ग्रामीणों का जीना मुहाल कर दिया है। रात के समय छोटे बच्चे मच्छरों व गर्मी के सताए रोककर रात बिताने को विवश है। बिजली सप्लाई में लगने वाले कटों के कारण कई बार ग्रामीणों को जलघर से पानी सप्लाई नहीं मिल पा रहा है।
लाइन ओवरलोड होने की वजह से लग रहे हैं कट
जेई निशांत, इंचार्ज 33 केवी पावर हाउस अलेवा ने कहा कि बिजली सप्लाई में रात व दिन के समय लगने वाले कट बिजली पावर हाउस से नहीं, बल्कि लाइन ओवरलोड होने के कारण पीछे से लगाए जाते हैं। बिजली पावर हाउस से बिजली उपभोक्ताओं को निगम द्वारा बनाए गए शेड्यूल के अनुसार सही प्रकार से सप्लाई दी जा रही है।