जींद जिले के दर्जनों गांवों के लोगों को मिलेगी राहत, करोड़ों रुपए की लागत से दो मुख्य सड़कों का होगा नवनिर्माण
Haryana Line, New Road Jind: जींद जिले के कंडेला, खोखरी, खेड़ी जाजवान और संगतपुरा सहित दर्जनों गांव के लोगों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। जींद विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में लंबे समय से जर्जर और खस्ताहाल सड़कों के कारण गड्डों की परेशानी झेल रहे दर्जनों गांवों के लोगों को राहत मिलेगी। बता दें कि विधानसभा क्षेत्र की दो प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य को विभाग की ओर से मंजूरी दे दी गई है। मंजूरी मिलने के बाद अब मार्केटिंग बोर्ड द्वारा इन सड़कों का कायाकल्प किया जाएगा, जिस पर लगभग 2.35 करोड़ रुपए का बजट खर्च होगा। इस परियोजना के तहत मुख्य रूप से कंडेला से खोखरी रोड और खेड़ी जाजवान से संगतपुरा गांव तक की सड़क का नए सिरे से निर्माण और चौड़ीकरण किया जाएगा।
टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही शुरू कराया जाएगा कार्य
प्रदीप शर्मा, एक्सईएन, राज्य कृषि एवं मार्केटिंग बोर्ड, जींद ने बताया कि जींद हलके के अंतर्गत आने वाले कंडेला से खोखरी की सड़क व खेड़ी जाजवान से संगतपुरा का नवनिर्माण कराया जाएगा। इन सड़कों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण को लेकर एक सितंबर को टेंडर ओपन किए जाएंगे। इन सड़कों के नवनिर्माण पर करीब 2.35 करोड़ रुपए की राशि खर्च होने का एस्टीमेट बनाया गया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।