{"vars":{"id": "114287:4880"}}

Jind News: रेलवे अंडरपास पर लगाए जा रहे गार्डर, जाम से मिलेगी मुक्ति, शहर में भारी वाहनों की एंट्री पर रोक लगेगी

जींद शहर के रोहतक रोड स्थित रेलवे अंडरपास पर भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए प्रशासन की ओर से एक बार फिर सख्त कदम उठाया गया है। रेलवे अंडरपास के दोनों ओर भारी वाहन प्रवेश निषेध के लिए गार्डर (लोहे के अवरोधक) लगाने का काम शुरू कर दिया गया है।
 

Jind News: जींद शहर के रोहतक रोड स्थित रेलवे अंडरपास पर भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए प्रशासन की ओर से एक बार फिर सख्त कदम उठाया गया है। रेलवे अंडरपास के दोनों ओर भारी वाहन प्रवेश निषेध के लिए गार्डर (लोहे के अवरोधक) लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। यह गार्डर पहले भी लगाए गए थे, लेकिन करीब पांच माह पहले भारी वाहनों के जबरन क्रॉस करने के कारण ये उखड़ गए थे, जिससे अंडरपास पर फिर से अव्यवस्था बन गई थी।

अंडरपास से भारी वाहन गुजरने के कारण यहां आए दिन जाम की समस्या बनी रहती थी। खासकर सुबह और शाम के समय स्कूल, कॉलेज और कार्यालय आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। कई बार स्थिति इतनी खराब हो जाती थी कि दोपहिया और पैदल यात्रियों को भी निकलने में दिक्कत होती थी। इसके अलावा अंडरपास की संरचना को भी नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रहती थी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि भारी वाहन चालकों द्वारा नियमों की अनदेखी कर अंडरपास से गुजरना आम बात हो गई थी। गार्डर उखड़ने के बाद ट्रक और बड़े वाहन लगातार यहां से निकल रहे थे, जिससे न सिर्फ यातायात बाधित हो रहा था, बल्कि दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया था। अब दोबारा गार्डर लगाए जाने से इस समस्या पर नियंत्रण की उम्मीद जताई जा रही है। राहगीर रमेश कुमार, पवन, राजेश, सज्जन और राहुल ने बताया कि वे लंबे समय से इस मुद्दे को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित कर रहे थे। अब जाकर गार्डर लगाने का काम दोबारा शुरू हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि इस बार गार्डर को मजबूती से लगाया गया और निगरानी रखी गई, तो भारी वाहनों की एंट्री पूरी तरह रोकी जा सकेगी।