{"vars":{"id": "114287:4880"}}

Ratlam Railway Mandal: रेलवे की मंजूरी नहीं मिलने से अटके 72 करोड़ से बनने वाले दो आरओबी, हिंगोरिया ओवरब्रिज का 70% काम हुआ पूरा 

नीमच शहर में 72 करोड़ की लागत से बनने वाले 2 रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज का निर्माण रेलवे की लापरवाही से प्रभावित हो रहा है। स्थिति यह है कि नीमच मंदसौर शहरी हाइवे स्थित हिंगोरिया रेलवे फाटक पर टी आकार के ओवरब्रिज का 70 फीसदी निर्माण हो चुका है। इसकी अगले माह निर्माण अवधि पूरी होने वाली है। बावजूद अब तक रेलवे ने जीएडी (जनरल असेसमेंट ड्राइंग) फाइनल नहीं की है, जिससे कार्य प्रभावित हो रहा है। दूसरी तरफ बघाना रेलवे फाटक पर 3 भुजाओं वाला ओवरब्रिज बनना है।
 

Railway Overbridge Neemuch: नीमच शहर में 72 करोड़ की लागत से बनने वाले 2 रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज का निर्माण रेलवे की लापरवाही से प्रभावित हो रहा है। स्थिति यह है कि नीमच मंदसौर शहरी हाइवे स्थित हिंगोरिया रेलवे फाटक पर टी आकार के ओवरब्रिज का 70 फीसदी निर्माण हो चुका है। इसकी अगले माह निर्माण अवधि पूरी होने वाली है। बावजूद अब तक रेलवे ने जीएडी (जनरल असेसमेंट ड्राइंग) फाइनल नहीं की है, जिससे कार्य प्रभावित हो रहा है। दूसरी तरफ बघाना रेलवे फाटक पर 3 भुजाओं वाला ओवरब्रिज बनना है। ठेकेदार को पिछले माह कार्य शुरू कर पिलर के लिए गड्ढे खोदने थे। इसके लिए 20 दिन से पाइल मशीन मौके पर खड़ी है लेकिन रेलवे ने अब तक ब्रिज की ड्राइंग डिजाइन को मंजूरी नहीं दी। वहीं सेतु निगम के अधिकारी भी इसे लेकर गंभीर नहीं हैं। इससे लोगों को आवाजाही में दिक्कत आ रही है।

हिंगोरिया ओवरब्रिज 70% पूरा, ट्रैक वाले हिस्से का काम जीएडी के कारण अटका

नीमच-मंदसौर शहरी हाइवे स्थित हिंगोरिया रेलवे फाटक पर करीब 35 करोड़ रुपए की लागत से टी-आकार के ओवरब्रिज का निर्माण 2024 में शुरू हुआ था। इसे दिसंबर-2025 के अंत तक पूरा होना है। पहले सेतु निगम ने ठेकेदार को ड्राइंग-डिजाइन देने में देरी की, जिससे 4-5 माह बाद काम शुरू हुआ। वर्तमान में रेलवे फाटक के दोनों तरफ पिलर का काम पूर्ण हो चुका है और स्लैब का कार्य अंतिम चरण है। रेलवे फाटक के ऊपर जहां से ट्रैक क्रॉस हो रहा है, उस हिस्से का काम बाकी है। यह काम रेलवे करवाएगा लेकिन रेलवे ने अब तक जीएडी (जनरल असेसमेंट ड्राइंग) को मंजूरी नहीं दी है। जब तक रेलवे इसे मंजूर कर सेतु निगम को नहीं देता, तब तक ठेकेदार अपने क्षेत्र में सेंटर पॉइंट का पिलर खड़ा नहीं कर सकता है। यदि अगले माह की शुरुआत में जीएडी मिलती है तो काम पूरा होने में कम से कम 6 माह और लगेंगे।

बघाना फाटक ओवरब्रिज की डिजाइन मंजूर नहीं, 20 दिन से खड़ी पाइल मशीन

बघाना रेलवे फाटक पर करीब 37 करोड़ रुपए की लागत से 3 भुजाओं वाले ओवरब्रिज का निर्माण होना है। इसके लिए सेतु निगम ने साल की शुरुआत में ही ठेकेदार को वर्क ऑर्डर दे दिया था। ठेकेदार की टीम ने यहां 4 माह से डेरा डाल रखा है। 2 माह पहले रेल मंडल रतलाम के वरिष्ठ अफसरों ने संयुक्त निरीक्षण किया था लेकिन अब तक रेलवे क्षेत्र में बनने वाली भुजा व फाटक के ऊपर होने वाले कार्य की ड्राइंग डिजाइन फाइनल नहीं की है। दूसरी तरफ ठेकेदार ने पिछले माह मंडी रोड की तरफ सर्विस रोड बनाने के लिए कार्य शुरू कर दिया है। इधर, ओवरब्रिज के पिलर के गड्ढे खोदने के लिए 20 दिन से पाइल मशीन मौके पर खड़ी है। 2 दिन पहले काम शुरू होने वाला था लेकिन मशीन शुरू नहीं हो पाई। ठेकेदार ने बघाना-सादड़ी रोड व मंडी रोड की तरफ बिज निर्माण को लेकर अन्य कार्य शुरू कर दिए हैं।