हरियाणा के इस जिले की कोर्ट में चली तड़-तड़ा-तड़ गोलियां, पेशी पर आए गैंगस्टर विनोद काना की हुई मौत
Haryana Line, Hisar Breaking: हरियाणा प्रदेश के हिसार जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है। जानकारी के अनुसार आज दोपहर को जिले की कोर्ट में बदमाशों के बीच मुठभेड़ की खबर सामने आई है। हिसार कोर्ट परिसर में पेशी पर आए कुख्यात गैंगस्टर विनोद काना उर्फ पानू और एंटी गैंग के बदमाशों के बीच हुई फायरिंग में गैंगस्टर विनोद काना की मौके पर ही मौत हो गई है। बता दें कि हिसार कोर्ट परिसर में दोपहर के समय दो गैंगों के बीच चली तड़-तड़ा-तड़ गोलियों के बीच पूरे परिसर में अफरा तफरी का माहौल बन गया।
बदमाशों ने हिसार कोर्ट में किए 14 राउंड फायर
विनोद आज हिसार की जिला कोर्ट में एक अपराध के सिलसिले में पेशी पर आया था। इस दौरान दोपहर 2:00 बजे पहले से घात लगाकर तैयारी में आए बाइक सवार दो बदमाशों ने मौका देखकर गैंगस्टर विनोद के ऊपर एक के बाद एक लगातार 14 राउंड फायर किए। जिससे गैंगस्टर विनोद की मौके पर ही मौत हो गई। गैंगस्टर विनोद की हत्या के बाद हिसार जिले की पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है और मामले की जांच पड़ताल कर रही है। हिसार जिले के एएसपी मयंक मुदगिल के अनुसार गैंगस्टर विनोद काना की हत्या के मामले में एक आरोपी को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि अभी तक यह सामने नहीं आया कि गैंगस्टर विनोद पर फायरिंग करने वाले आरोपी कौन है।
गैंगस्टर विनोद कान्हा पर चल रहे हैं हत्या सहित 31 मुकदमे
गैंगस्टर विनोद काना हरियाणा प्रदेश के मोस्ट वांटेड बदमाशों की लिस्ट में शामिल था। गैंगस्टर विनोद पर हत्या सहित विभिन्न पुलिस थानों में अपराध के 31 मामले दर्ज थे। विनोद काना द्वारा हिसार की पूर्व विधायक सावित्री जिंदल के पीए के भतीजे की हत्या भी की गई थी। जिसके बाद से विनोद काना पुलिस की भी हिट लिस्ट में चल रहा था। ताजा जानकारी के अनुसार हिसार पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और दूसरे की तलाश की जा रही है।
