Onion Rate: प्याज की कीमतें हुई धड़ाम, 2 रुपए से नीचे आए भाव, एमपी में किसानों ने सड़कों पर बिखेरे
Onion Rate Update: देश में लगातार हो रही प्याज की कीमतों में गिरावट में इस बार किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। मध्य प्रदेश राज्य में तो प्याज की कीमतें 2 रुपए प्रति किलो से भी नीचे पहुंच गई है जिसके चलते किसान अब अपनी प्याज की फसल को सड़कों पर फेंकने के लिए मजबूर हो गए हैं। मध्य प्रदेश राज्य की रतलाम मंडी में प्याज के दाम कम मिलने पर किसानों ने हंगामा कर दिया। रोड पर 2-3 ट्रॉली प्याज बिखेर कर 2 घंटे तक जाम लगाया और नारेबाजी की। सूचना मिलने पर पुलिस के साथ प्रशासनिक अमला पहुंचा और किसानों को समझाइश देकर मामला शांत करवाया।
कृषि उपज मंडी में शुक्रवार को प्याज के भाव 1.40 रुपए प्रति किलो मिलने पर किसान नाराज हो गए। मंडी गेट के बाहर 2-3 ट्रॉलियों से प्याज बिखेर कर जाम लगा दिया। उन्होंने कहा कि प्याज की लागत भी नहीं निकल रही है। इससे आर्थिक संकट गहरा गया है। एसडीएम तरुण जैन, एसडीओपी नीलम बघेल, तहसीलदार कुलभूषण शर्मा व मंडी सचिव रूमान सिंह भयडिया ने मौके पर पहुंचकर किसानों की समस्याएं सुनीं और ज्ञापन मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रशासन ने जेसीबी की सहायता से रोड पर बिखरा प्याज हटवाया।
हंगामे के दौरान युवक ने एसडीएम से की अभद्रता
हंगामे के दौरान रतलाम जिले के ग्राम अडवानिया के युवक ने एसडीएम व मंडी सचिव से अभद्रता की। इस पर एसडीएम ने थाना प्रभारी पिंकी आकाश को युक्क के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। थाना प्रभारी ने युवक को धामनोद चौकी प्रभारी आनंद बागवान के सुपुर्द कर पुलिस वाहन में बैठाया। कुछ देर बाद उसे छोड़ दिया। मामला जब अफसरों के संज्ञान में आया तो उसे फिर पकड़ा।
युवक को साडीएम कोर्ट में पेश किया, जेल भेजा
एसडीएम ने बताया कि थाना प्रभारी को को युवक के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने को कहा था। उनसे कहां चूक हुई, इसकी जानकारी लेंगे। थाना प्रभारी ने बताया कि युवक को छोड़ा नहीं था। वाहन में बैठाने के बाद हंगामा हो रहा था, हम वहां चले गए थे। इस दौरान मौका पाकर युवक चला गया। उसे पकड़ कर एसडीएम कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया।
