MP News: इंदौर-ग्वालियर संभाग में धान पंजीयन घटा, नर्मदापुरम और भोपाल में तेज उछाल, इस बार 11% अधिक हुआ रजिस्ट्रेशन
MP News: मप्र प्रदेश में खरीफ उपार्जन सीजन शुरू हो चुका है। ज्वार और बाजरा की खरीदी सोमवार से शुरू हो गई, जबकि धान की सरकारी खरीद 1 दिसंबर से होगी। इस बार किसानों में धान बेचने को लेकर ज्यादा उत्साह दिखा है। पिछले साल 7.74 लाख किसानों ने पंजीयन कराया था, जो इस बार बढ़कर 8.59 लाख हो गया, यानी 11% की वृद्धि। रकबे में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज हुई है।
2024 में 13.70 लाख हेक्टेयर रहा धान का रकबा 2025 में 16% बढ़कर 15.89 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया। हालांकि इंदौर और ग्वालियर संभाग में पंजीयन घटे हैं। इंदौर में पिछले साल 159 किसानों के मुकाबले इस बार 42% कम होकर केवल 93 पंजीयन हुए, जबकि ग्वालियर में 4,737 से 60% कम होकर 1,892 रह गए। दूसरी ओर, भोपाल और नर्मदापुरम संभाग में रिकॉर्ड बढ़त दर्ज हुई। भोपाल में 66% उछाल के साथ 27,429 और नर्मदापुरम में 41% बढ़कर 41,296 किसानों ने पंजीयन कराया है। इस साल 2025 में मोटा अनाज यानी ज्वार और बाजरा के लिए प्रदेश में 8173 किसानों ने पंजीयन कराया है।
26 जिलों के किसानों की धान में रुचि बढ़ी
प्रदेश के 26 जिलों में किसानों की धान में रुचि बढ़ी है। 2024 के मुकाबले इस बार रायसेन में 81%, श्योपुर में 60%, विदिशा में 57%, नर्मदापुरम में 51%, भोपाल में 46%, सीहोर में 45%, हरदा में 42%, मुरैना में 19%, दमोह में 17%, उमरिया में 16%, बैतूल में 12%, सागर में 5% और भिंड में 3% अधिक पंजीयन हुए हैं। वहीं 10 जिलों में पंजीयन घटे हैं। गुना में 92%, ग्वालियर में 79%, अशोकनगर में 73%, दतिया में 54% और शिवपुरी में 21% की कमी दर्ज की गई है। उपार्जन केन्द्र प्राथमिकता से गोदाम/केप परिसर में स्थापित किए जाएंगे। गोदाम/केप उपलब्ध न होने पर समिति एवं अन्य स्तर पर उपार्जन केन्द्र स्थापित किए जा सकेंगे।
शनिवार को खरीदी नहीं होगी
एमएसपी पर ज्वार एवं बाजरा की खरीदी 24 दिसम्बर तक और धान की 1 दिसंबर 2025 से 20 जनवरी, 2026 तक होगी। शनिवार को उपार्जन कार्य बंद रहेगा। एमएसपी धान कॉमन का 2369 रूपये, धान ग्रेड-ए का 2389, ज्वार मालदण्डी का 3749 हजार, ज्वार हाइब्रिड का 3699 और बाजरा का 2775 रूपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।
