Haryanaline_Logo

रतलाम मंडी में 5700 रुपए प्रति क्विंटल तक बिका सोयाबीन, आवक हुई शुरू 

मप्र के रतलाम जिले की मंडियों में सोयाबीन की आवक शुरू हो गई है। मंडियों में सोयाबीन की आवक शुरू होते ही भाव में भी तेजी देखने को मिल रही है। रतलाम मंडी में आज सोयाबीन 5700 रुपए प्रति क्विंटल के आसपास बिक रहा है। महू रोड स्थित कृषि उपज मंडी में खरीफ सीजन की नई सोयाबीन की दस्तक हो गई है।
 
soyabean
Whatsapp-Group

Soyabean Rate Hike: मप्र के रतलाम जिले की मंडियों में सोयाबीन की आवक शुरू हो गई है। मंडियों में सोयाबीन की आवक शुरू होते ही भाव में भी तेजी देखने को मिल रही है। रतलाम मंडी में आज सोयाबीन 5700 रुपए प्रति क्विंटल के आसपास बिक रहा है। महू रोड स्थित कृषि उपज मंडी में खरीफ सीजन की नई सोयाबीन की दस्तक हो गई है। गुरुवार को मंडी प्रांगण में पहली बार 7 ट्रॉलियां नई उपज नीलामी के लिए पहुंचीं। पहले ही दिन क्वालिटी बेहतर रहने से नई सोयाबीन 4,700 रुपए से लेकर 5,700 रुपए प्रति क्विंटल तक बिकी। शुरुआती सौदों को देखें तो यह भाव पिछले साल की तुलना में काफी बेहतर है।

बीते वर्ष सीजन के आगाज में नई सोयाबीन 4,000 से 4,500 रुपए प्रति क्विंटल के दायरे में ही बिक रही थी। हालाकि, राहत भरे रुझान के बावजूद यह दाम केंद्र सरकार द्वारा तय समर्थन मूल्य (MSP) 5,708 रुपए प्रति क्विंटल के आंकड़े को नहीं छू सका, यानी किसानों को अब भी एमएसपी से कम दाम पर ही उपज बेचनी पड़ रही है।

जिले में इस बार लगभग 2.87 लाख हेक्टेयर रकबे में सोयाबीन की बुवाई की गई है। वर्तमान में मंडी में जो उपज पहुंच रही है, वह मुख्य रूप से कम अवधि वाली 'जेएस 9560' किस्म है। सामान्य किस्में जहां 90 से 95 दिन में तैयार होती हैं, वहीं यह किस्म 80 से 85 दिन में पक जाती है। यही वजह है कि इसकी आवक समय से पहले शुरू हो गई है। आगामी एक सप्ताह के भीतर नई फसल की आवक में भारी उछाल आने की उम्मीद है।

आवक बढ़ते ही भाव पर दिख सकता है दबाव

अनाज व्यापारी विमल जैन के अनुसार वर्तमान में मंडी में नई उपज की आवक सीमित है और लॉट सूखा व अच्छी चमक वाला आ रहा है। इसके चलते पिछले साल के मुकाबले अच्छे दाम मिल रहे हैं। जैसे-जैसे खेतों में कटाई का दायरा बढ़ेगा और रोजाना सैकड़ों ट्रॉलियों की आवक होगी, वैसे-वैसे भाव पर दबाव बनने के आसार हैं। ऐसे में आगे बाजार में बहुत ज्यादा तेजी की उम्मीद कम ही दिखाई दे रही है।

महीने के अंत तक तेज होगी रतलाम जिले में सोयाबीन की फसल की कटाई

कृषि विभाग के उप संचालक भगवान सिंह अर्गल ने बताया कि रतलाम जिले में इस बार सोयाबीन की फसल की स्थिति संतोषजनक है। शुरुआती दौर में अगेती किस्मों की कटाई हो रही है। सितंबर के अंतिम सप्ताह तक खेतों में कटाई का काम पूरी रफ्तार पकड़ लेगा, जिससे मंडियों में नए माल की बंपर आवक शुरू होगी। उन्होंने कहा कि इस बार रतलाम जिले में सोयाबीन की अच्छी फसल होने का अनुमान है।