Onion Rate: किसान से ढाई से 13 रु. किलो प्याज खरीदकर व्यापारी थोक में ही 8 से 25 रु. किलो बेच रहे, लगातार गिर रहे हैं दाम
Onion Mandi Bhav: किसानों को प्याज फिर रूला रहा है। एक तो कृषि मंडी में इन दिनों प्याज के लगातार गिरते दामों से किसान पहले ही परेशान हैं। उस पर व्यापारियों की मनमानी से सही दाम नहीं मिल रहा है। मंडी में ढाई से 13 रुपए किलो के बीच प्याज नीलाम हो रहा है। व्यापारी नीलामी में तौल करवाने के पहले छंटाई कर खराब प्याज अलग निकाल रहा है। इससे भी किसानों को नुकसान हो रहा है। दूसरी तरफ यही प्याज सब्जी मंडी में थोक में 8 से 25 रुपए किलो में बिक रहा रहा है। फेरी वाले तो 30 रुपए किलो तक बेच रहे हैं। ऐसे में नुकसान केवल किसान और आमजनत को ही उठाना पड़ रहा है।
कृषि मंडी के साथ सब्जी मंडी में भी थोक में प्याज बेचने के लिए किसान पहुंचते हैं। मंडी व्यापारियों के अनुसार फिलहाल लोकल अर्थात नीमच जिले और आसपास के क्षेत्र से ही नया प्याज आ रहा है। निरंतर आवक के कारण भाव में तेजी नहीं है। शुक्रवार को ही कृषि मंडी में 1608 बोरी आवक रही। सबसे सस्ता प्याज 295 रुपए क्विंटल और सबसे अच्छा प्याज 1316 रुपए प्रति क्विंटल बिका। मॉडल भाव भी 700 रुपए रहे। यानी ढाई से 13 रुपए किलो के अंदर ही भाव रहे। दूसरी तरफ यही प्याज सब्जी मंडी के खेरची दुकानों पर पहुंचते ही 8 से 25 रुपए किलो बेचा जा रहा है।
रतलाम-महाराष्ट्र का पुराना प्याज बताकर बेच रहे
सब्जी मंडी व बाजार में फेरी लगाकर प्याज बेचने वाले रतलाम-महाराष्ट्र का पुराना प्याज बताकर बेच रहे हैं। खेरची दुकानदार कीमतों में इतना ज्यादा बदलाव करने के पीछे बहाना यही कर रहे कि अच्छी क्वालिटी के प्याज की आक्क कम है और रतलाम-महाराष्ट्र का प्याज क्वालिटी वाला होता है जो लंबे समय तक चलता है इसलिए भाव तेज है। दूसरी तरफ चंगेरा-डूंगलावदा स्थित नवीन अतिरिक्त कृषि उपज मंडी से प्याज लाना पड़ता है। ऐसे में वहां से सब्जी मंडी तक लाने का भाड़ा और उसके बाद प्याज की छटाई व क्वालिटी मेंटेन करने में अतिरिक्त खर्च व समय लगता है। इसलिए थोक मंडी से ज्यादा भाव रहते हैं।
अगले माह बढ़ेगी नए प्याज की आवक
मंडी व्यापारियों के अनुसार पुराना प्याज पहले से किसानों के पास है। नए प्याज की भी आवक शुरू हो गई। महाराष्ट्र सहित जहां-जहां का उत्पादन होता है, वहां भी अच्छी पैदावार की उम्मीद है। बाहरी मांग कमजोर होने के साथ बांग्लादेश भी प्याज नहीं जा रहा है। इससे भी फर्क पड़ा है और भाव लगातार गिर रहे हैं। अगले माह तक नए प्याज की आवक और बढ़ जाएगी।
