Weather Update: सिरसा जिले में आज भी शीतलहर का अलर्ट, रात को जमने लगा पाला
Sirsa Weather: पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही लगातार बर्फबारी का असर अब साफ तौर पर मैदानी इलाकों में नजर आने लगा है। ठंडी हवाओं और कोहरे ने ठंड का सितम और बढ़ा दिया है। धूप न निकलने से ठिठुरन बनी हुई है। लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। सिरसा शहर और कस्बों में चौराहों, बस अड्डों और बाजारों में लोग ठंड से बचने के लिए जगह-जगह अलाव का सहारा लेते दिखे। लोग ऊनी कपड़ों की कई परतें पहनने को मजबूर हैं, फिर भी गलन से पूरी तरह राहत नहीं मिल पा रही है। बुधवार को अधिकतम तापमान 12.2 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 6 डिग्री रहा। कोहरे के कारण ट्रेनें व बसें भी लेट चल रही हैं। बसों में फॉग लाइटें नहीं होने से चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
14 जनवरी तक राहत के आसार नहीं
चौ. चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि वैज्ञानिक मौसम वैज्ञानिक के विभागाध्यक्ष का कहना है कि आगामी 14 जनवरी तक शीतलहर का असर बना रह सकता है। इस दौरान रात और दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। नमी के कारण उत्तर व दक्षिणी हरियाणा में ज्यादातर स्थानों पर अल सुबह व देर रात्रि को गहरी धुंध व कोहरा देखने को मिल सकता है।
विजिबिलिटी कम होने से डिवाइडर पर चढ़ी कार
सुबह धुंध ज्यादा होने के चलते नेशनल हाइवे पर विजिबिलिटी 50 मीटर ही रही। जिस कारण एक कारण डिवाइडर पर चढ़ गई। गनीमत रही की किसी को भी चोट नहीं आई और बड़ा हादसा होते टल गया। धुंध में वाहन चालकों की रफ्तार पर ब्रेक लग गई है। बुधवार सुबह नेशनल हाइवे पर धुंध के कारण दृश्यता कम रही।
