शिवपुरी में बस और ऑटो चालकों की मनमानी पर रोक, बसें अब केवल बायपास पर ही रुकेंगी
Shivpuri News: शिवपुरी में अब नगरीय क्षेत्र में बसें बीच रास्ते में नहीं रुकेंगी। बस चालक अब केवल निर्धारित स्टॉपेज पर ही बसें रोक सकते हैं, जिनमें गुना बायपास और ग्वालियर बायपास शामिल हैं। इसके साथ ही शहर में बस संचालन के लिए स्पीड लिमिट तय की गई है। बसें 40 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक गति में नहीं चल सकती।
आरटीओ रंजना सिंह कुशवाह ने बताया कि बस और ऑटो चालकों के साथ एक बैठक में यह नई व्यवस्था कलेक्टर रवींद्र कुमार चौधरी की मौजूदगी में साझा की गई थी। सोमवार से यह व्यवस्था लागू कर दी गई है। बीच रास्ते बस रोकने पर बस चालक सीधे कार्रवाई के दायरे में आएंगे।
अब तक शिवपुरी, गुना और ग्वालियर जाने वाली बसों में मनमाना किराया लिया जाता था, लेकिन पहली बार बस स्टैंड पर किराया सूची चस्पा की गई है। इससे यात्रियों को तय किराया पता चल सकेगा और उन्हें अतिरिक्त भुगतान नहीं करना पड़ेगा। टिकट काउंटर से अब बसों की टिकट प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
ऑटो चालकों की मनमानी पर भी रोक लगाई गई है। शहर के विभिन्न स्थानों तक जाने के लिए ऑटो चालक अलग-अलग किराया वसूलते थे। अब प्रत्येक ऑटो चालक के लिए किराया सूची तय की गई है और इसे उनके वाहन पर चस्पा किया गया है। इस सूची में बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, माधव चौक और प्रमुख पर्यटक स्थलों तक का किराया शामिल है।
आरटीओ रंजना सिंह कुशवाह ने बताया कि शहर में अब निश्चित रूप से न बस चालक न ही ऑटो चालक मनमानी कर सकेंगे। व्यवस्था सुधार के तहत दोनों को नई प्रक्रिया से अवगत करा दिया गया है। इस कदम से यातायात व्यवस्थित होगा, यात्रियों को निर्धारित किराया मिलेगा और अनावश्यक वसूली की शिकायतें समाप्त होंगी।
