Ratlam News: रियावन के जमीन घोटाले में अब केंद्रीय सतर्कता आयोग ने भी शुरू करवाई जांच, सीवीसी ने लिया संज्ञान
Ratlam News: रतलाम जिले की जावरा क्षेत्र में फर्जी दस्तावेज से सरकारी जमीन की खरीदी-बिक्री और पंचायत रिकॉर्ड में हेराफेरी सहित अन्य गड़बड़ियों का मामला अब केंद्रीय सतर्कता आयोग के पास पहुंच गया है। गांव के ही पंच गौरव जैन ने ऑनलाइन शिकायत सीवीसी से की थी। इसके बाद सीवीसी ने एक्शन लिया। शिकायतकर्ता गौरव जैन द्वारा प्रस्तुत दस्तावेज और जनपद पंचायत पिपलौदा की जांच रिपोर्ट के आधार पर दाखिल की गई शिकायत को सीवीसी ने रजिस्टर किया और उसे सीवीओ, मिनिस्ट्री ऑफ पंचायती राज, नई दिल्ली को जांच और आगे की कार्रवाई के लिए भेजा दिया है। शिकायत संख्या 131973/2025 है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि सीवीओ पंचायती राज विभाग अब पूरा मामला जांचेगा और शिकायत में उल्लेखित सभी तथ्यों की पुष्टि कर कार्रवाई करेगा। यह पहली बार है कि ग्राम पंचायत रियावन से जुड़ा कोई प्रकरण केंद्रीय स्तर की जांच एजेंसी तक पहुंचा है। इसमें ग्राम पंचायत रियावन की सरकारी जमीन पर फर्जी रजिस्ट्री, नामांतरण, दस्तावेजों में हेराफेरी, रिकॉर्ड में गलत प्रविष्टियां और सचिव घनश्याम सूर्यवंशी की विवादित व नियम विरुद्ध बहाली से जुड़े गंभीर आरोप शामिल हैं। शिकायत के साथ पूर्व में जारी निलंबन आदेश, बहाली आदेश, जनपद पंचायत की जांच प्रतिवेदन और संदिग्ध फाइल नोटशीट के दस्तावेज भी संलग्न किए हैं।
केंद्रीय स्तर पर केस पहुंचने के बाद अब इसकी संवेदनशीलता और बढ़ गई है। प्रारंभिक जांच के बाद सीवीओ को रिपोर्ट सीधे केंद्रीय सतर्कता आयोग को प्रस्तुत करनी होगी। इसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई तय होगी। ग्रामीण क्षेत्र में सरकारी भूमि से जुड़े मामलों पर सीवीसी की इस तरह की कार्रवाई का जिले में संभवतः यह पहला मामला है। बता दें कि ग्राम पंचायत रियावन से जुड़े इसी मामले में तत्कालीन सचिव की बहाली से पहले संबंधित जांच रिपोर्ट और सही जानकारी पीठासीन अधिकारी को नहीं देने के मामले में कुछ दिन पहले ही जिला पंचायत सीईओ वैशाली जैन ने जिला पंचायत के परियोजना अधिकारी महेश चौबे को कार्य से विरक्त करते हुए उनके खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं।
