Haryanaline_Logo

राखी बाजार में रंगीन राखियों का तड़का, दाम 5% बढ़े

 
Bina News
Whatsapp-Group

Bina News: राखी का त्योहार नजदीक आते ही नगर में राखी बाजार रंग-बिरंगी राखियों से सज गया है। इस बार सूत और रंग के दाम बढ़ जाने से राखी और रूमाल की कीमतों में करीब 5 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। हालांकि, इससे ग्राहकों को ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा और त्योहार की रौनक बरकरार रहेगी। बाजार में 50 पैसे से लेकर 150 रुपए तक की राखियां उपलब्ध हैं।

इस साल पूजा की राखियों के दाम नहीं बढ़े हैं। ये राखियां रंगीन सूती रूई से बनाई जाती हैं, जो थोक में 15 रुपए प्रति 100 और फुटकर में 20 रुपए प्रति 100 की दर से मिल रही हैं। राखी को घरों में भगवान की मूर्तियों और जीवन में उपयोग होने वाली वस्तुओं पर बांधा जाता है। बच्चों के लिए टेडी, कार्टून और म्यूजिक वाली राखियां बाजार में खूब पसंद की जा रही हैं, वहीं युवाओं के लिए मोतियों और एडी स्टोन वाली राखियां भी आई हैं। ज्वेलर्स की दुकानों पर चांदी और सोने की राखियां भी मौजूद हैं, जिनकी कीमतें धातु के दामों पर निर्भर करती हैं।

इस बार 40 महिलाओं ने तीन महीने लगातार राखियां बनाकर रोजगार पाया है। विक्रेता राहुल मोदी बताते हैं कि इन राखियों का सामान दिल्ली और अन्य शहरों से आया था। महिलाओं ने राखियां 5 से 7 रुपए प्रति नग के हिसाब से बेचीं। उन्होंने बताया कि छोटे कस्बों में लघु उद्योग की आवश्यकता है ताकि त्योहारों के सीजन में महिलाएं काम कर सकें और घर के खर्च में मदद कर सकें।

पहले जहाँ स्पंज की बड़ी राखियों का चलन था, अब वह कम हो गया है। नई राखियां हल्की, सुंदर और पर्यावरण के प्रति जागरूक संदेश देने वाली बनाई जा रही हैं। छोटे बच्चों के लिए इलेक्ट्रॉनिक और खिलौने वाली राखियां आकर्षक साबित हो रही हैं और बजट में होने के कारण आसानी से खरीदी जा रही हैं।