Movie prime

हमेटी में हुआ संविधान प्रस्तावना वाचन कार्यक्रम का आयोजन

हमेटी में हुआ संविधान प्रस्तावना वाचन कार्यक्रम का आयोजन
 
संविधान प्रस्तावना

भारत सरकार द्वारा देश के संविधान को अपनाने के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में वर्ष भर चलाये जाने वाले ऐतिहासिक समारोहों के क्रम में शुक्रवार को हमेटी में संविधान प्रस्तावना वाचन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हमेटी के निदेशक डॉ. कर्मचंद ने अपने संदेश में बताया कि भारत वर्ष एक संप्रभु, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक गणराज्य है। भारत का संविधान हर नागरिक को न्याय, स्वतंत्रता, समानता व बंधुत्व की गारंटी देता है। यह नागरिकों के अधिकारों को परिभाषित करता है जिसमें विचार अभिव्यक्ति, कार्य और पूजा की स्वतंत्रता है।

भारत का संविधान ही ऐसा है जो हर नागरिक को अवसर व स्थिति की समानता प्रदान करता है। हमारे संविधान में क्षमता है कि वह व्यक्तियों की गरिमा और राष्ट्र की एकता को सुनिश्चित करे। हमारे संविधान ने देश में एक अनुशासित व्यवस्था को कायम किया है जिसमें हर नागरिक को आगे बढ़ने के समान अवसर मिल रहे हैं।

हमारा सभी का कर्तव्य बनता है कि हम इस गौरवमयी संविधान की अनुपालना व सुरक्षा करें। बाबा साहिब भीमराव अंबेडकर के नेतृत्व में बनी संविधान निर्माण कमेटी ने ऐसे संविधान की रचना की है जिससे आज भारतवर्ष पूर्व विश्व में एक लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में निरंतर आगे बढ़ रहा है। हमें अपने संविधान पर गर्व है। हमेटी के ट्रेनिंग एडवाइजर डॉ. सुभाष चंद्र ने बताया कि आज के इस कार्यक्रम में हमेटी में प्रशिक्षण ले रहे 40 प्रशिक्षणार्थियों के अलावा हमेतो के सभी स्टाफ सदस्यों डॉ. हरभगवान कंबोज, राजेश कुमार, रेखा, सरोज, विकास आदि ने भाग लिया। हमेटी जींद में कीटनाशक के सुरक्षित प्रयोग बारे प्रशिक्षण ले रहे ट्रेनीज के साथ-साथ सभी स्टाफ सदस्यों ने संविधान की पालना व सुरक्षा की शपथ ली।