प्रॉपर्टी डीलर की कार की टक्कर से गाय की मौत, वाहन जब्त
Aug 15, 2025, 18:36 IST
Chhatarpur News: नौगांव में स्टेट बैंक के पास जमीन कारोबारी केतन जैन की तेज रफ्तार कार ने सड़क पर बैठी गाय को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गोसेवक और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और विरोध जताया। विवाद बढ़ने पर पुलिस पहुंची और नगर पालिका की जेसीबी से गाय को हटाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद भी केतन जैन ने नरमी नहीं दिखाई और अपने रसूख के दम पर मामला दबाने की कोशिश की। उसने कुछ परिचितों को बुलाकर कार में जैक लगाकर मृत गाय को निकालने का प्रयास किया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों और गौसेवकों ने कड़ा विरोध किया और हिंदू संगठनों के साथ पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए कार को जब्त कर थाने भेज दिया।
