Movie prime

खेती की जमीन पर बन रहा फर्जी कॉम्प्लेक्स, दुकानों के नाम पर प्लॉट बेचे जा रहे

 
Chhatarpur News

Chhatarpur News: छतरपुर जिले में नौगांव रोड पर गौरगांय-कैंड़ी रोड इन दिनों जमीन माफियाओं का नया ठिकाना बन गया है। यहां मेडिकल कॉलेज बनने की खबर का फायदा उठाकर आसपास के गांव जैसे मुवासी, रगोलिया, कैंडी, धमौरा और बेचकर में खेती की जमीनों पर अवैध तरीके से कॉलोनियां बसाई जा रही हैं।

अब गौरगांय-कैंड़ी रोड पर दुकानों के नाम पर 300 वर्ग फीट के व्यवसायिक प्लॉट बेचे जा रहे हैं। इन्हें 20 से 40 लाख रुपए तक में बेचा जा रहा है, जबकि न तो डायवर्सन हुआ है और न ही निर्माण की कोई सरकारी अनुमति ली गई है। मेडिकल मार्केट नाम से एक फर्जी बाजार बनाकर यहां 300 वर्ग फीट की दुकानें 25 लाख में बेची जा रही हैं।

अब तक 70 से ज्यादा दुकानों की बिक्री हो चुकी है। यह पूरा काम राजेश पिपरसानियां और उमेश अग्रवाल नामक लोगों द्वारा किया जा रहा है, जो खसरा नंबर 243/1/2/2 सहित अन्य जमीनों पर करीब 2 एकड़ खेत की जमीन में प्लॉट काट रहे हैं।वहीं कैंड़ी रोड पर मेडिकल कॉलेज के पास ‘राज मार्केट’ नाम से एक और अवैध प्लॉटिंग हो रही है।

यहां भी खसरा नंबर 485 के हिस्से में 2 एकड़ जमीन पर प्लॉट बेचे गए हैं। इस इलाके में करीब 800 यूकेलिप्टस के पेड़ बिना अनुमति काट दिए गए हैं। ये पेड़ खसरे के कैफियत कॉलम में दर्ज थे। इन पेड़ों को काटकर वहां सड़क बना दी गई और दुकानें बेचना शुरू कर दिया गया।

जब अधिकारियों से बात की गई तो नायब तहसीलदार ने जिम्मेदारी एसडीएम पर डाल दी। एसडीएम ने कहा कि डायवर्सन ऑनलाइन होते हैं, जांच कराएंगे। लेकिन फिलहाल दुकानों का निर्माण लगातार जारी है। ना डायवर्सन है, ना नक्शा पास, फिर भी सड़क डाली जा रही है और लोगों को धोखे में रखकर व्यवसायिक प्लॉट बेचे जा रहे हैं।