कारगिल विजय दिवस पर दिखा जोश, चित्रकला से लेकर विचार गोष्ठी तक छात्र हुए शामिल
Shivpuri News: उच्च शिक्षा विभाग, भोपाल के निर्देश पर स्थानीय कॉलेज में त्रिदिवसीय कारगिल विजय दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसकी शुरुआत 28 जुलाई को चित्रकला प्रतियोगिता से हुई। इसके बाद 30 जुलाई को विचार गोष्ठी रखी गई और समापन 5 अगस्त को कारगिल विजय दिवस की परिचर्चा के साथ हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. महेन्द्र कुमार ने की। तीनों दिन छात्रों ने पूरे जोश और उत्साह से भाग लिया। एनएसएस प्रभारी डॉ. देवेन्द्र कुमार कोली ने निर्णायक मंडल में रहकर भारतीय सैनिकों की वीरता और शौर्य की जानकारी साझा की।
विचार गोष्ठी और परिचर्चा में प्रोफेसरों ने अपने प्रेरक विचारों से विद्यार्थियों को देशभक्ति और सैनिकों के साहस की भावना से अवगत कराया। निर्णायकों ने चित्रकला और विचार गोष्ठी में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्रों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम की सफलता में कॉलेज के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों और आउटसोर्स स्टाफ का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम प्रभारी प्रो. रामकिशन गौतम और समस्त स्टाफ के सहयोग से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
